दोपहर बाद के कारोबार में निफ्टी (Nify) गिरकर 5,400 के करीब पहुँचा

यूरोपीय शेयर बाजारों से मिल रहे मजबूत संकेतों के बावजूद भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में गिरावट बढ़ गयी है।

सेंसेक्स (Sensex) 18,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के नीचे चला गया। हालाँकि अब यह एक बार फिर से इस स्तर के ऊपर आ गया है। निफ्टी (Nifty) 5,400 के मनोवैज्ञानिक स्तर के करीब पहुँच गया है।
यूरोपीय शेयर बाजारों में मजबूती का रुख है। भारतीय समयानुसार दोपहर 2:40 बजे ब्रिटेन के एफटीएसई 100 सूचकांक में 0.39%, जर्मनी के डैक्स सूचकांक में 0.57% और फ्रांस के कैक 40 सूचकांक में 0.42% की बढ़त है। 
दोपहर 2:40 बजे बीएसई सेंसेक्स (Sensex) 308 अंक की कमजोरी के साथ 18,019 पर है। निफ्टी (Nifty) 97 अंक की गिरावट के साथ 5,409 पर है। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 1.78% की कमजोरी दिख रही है। बीएसई स्मॉलकैप में 1.53% और बीएसई मिडकैप में 1.25% की गिरावट है।  
क्षेत्रों के लिहाज से बीएसई के सभी सूचकांकों में कमजोरी का रुख है। सबसे ज्यादा गिरावट रियल्टी सूचकांक में दिख रही है। यह सूचकांक 3.69% नीचे है। सेंसेक्स के 28 शेयरों में कमजोरी का रुख है, जबकि केवल 2 शेयरों में बढ़त का रुख है। सबसे ज्यादा गिरावट टाटा मोटर्स में है। इसका शेयर 5.6% नीचे है। (शेयर मंथन, 01 फरवरी 2011)