भारतीय बाजार में आज तेजी के आसार, सिंगापुर निफ्टी में दिखी बढ़त

भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार (20 जनवरी) को तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत करने के संकेत मिल रहे हैं। सिंगापुर निफ्टी में बढ़त के साथ कारोबार होता दिखई दे रहा है। सिंगापुर निफ्टी में सुबह 8.20 बजे के आसपास 26 अंकों की तेजी दिखाई दे रही है और यह 0.14% की बढ़त के साथ 18,139.5 के स्तर के आसपास मंडरा रहा है।

इससे पहले गुरुवार (19 जनवरी) को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले थे और दिन भर नरमी के साथ कारोबार करते नजर आये। शाम तक एनएसई के निफ्टी में 57.50 अंकों की सुस्ती आयी और यह 0.32% फिसल कर 18,107.85 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई के सेंसेक्स में 187.31 अंकों की नरमी देखी गयी और यह 0.31% की लुढ़क कर 60,858.43 के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों की बात करें तो आज प्रमुख बाजारों में तेजी का रुख दिखाई दे रहा है। जापान निक्केई में 6.71 अंकों की तेजी है और यह 0.03% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग में आज 169.52 अंकों की बढ़त है और यह 0.78% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। शंघाई कंपोजिट में 0.50% की उछाल नजर आ रही है। दक्षिण कोरिया के स्टॉक एक्सचेंज कॉस्पी में भी 0.10% की नरमी दिखाई दे रही है।

यूरोपीय बाजार अभी खुले नहीं हैं और यहाँ गुरुवार (19 जनवरी) को प्रमुख बाजार में एक से दो फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गयी। लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में 83.41 अंकों की नरमी दर्ज की गयी और यह 1.08% की सुस्ती के साथ बंद हुआ। पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) 1.89% की गिरावट के साथ 6951.87 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट के डैक्स 30 (DAX30) में 1.75% की सुस्ती आयी और यह 261.44 अंक की नरमी के साथ बंद हुआ।

अमेरिका के लगभग सभी प्रमुख बाजार गुरुवार (18 जनवरी) को बेरोजगारी दर के आँकड़ों के दबाव में नजर आये। डॉव जोंस में जहाँ 252.40 अंक की गिरावट रही और यह 0.76% फिसलकर 33,044.56 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट 104.74 अंक या 0.96% की गिरावट के साथ 10,852.27 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 में 30.01 अंक या 0.76% की नरमी रही और यह 3,898.85 के स्तर पर बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 20 जनवरी 2023)