विनोद माने जानना चाहते हैं कि उन्हें प्रीमियर एनर्जीज (Premier Energies) के शेयर में आगे क्या करना चाहिए? उन्होने 938 रुपये पर प्रीमियर एनर्जीज शेयर खरीदा है। आइए, बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार से जानते हैं कि शेयरों में आगे क्या होने की संभावना है?
बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार इस सवाल के जवाब में कहते हैं कि इस स्तर पर खरीदारी को बहुत सही नहीं कहा जा सकता, क्योंकि यह वही ज़ोन है जहां स्टॉक अपने 200 DMA (डे मूविंग एवरेज) के आसपास पहुंचता है। आमतौर पर यह एक मजबूत रेजिस्टेंस लेवल होता है और यहां स्टॉक ओवरबॉट स्थिति में भी आ सकता है, जिससे ऊपर की तेजी सीमित हो सकती है। अगर चार्ट स्ट्रक्चर को ध्यान से समझें, तो अक्टूबर 2023 के बाद स्टॉक में करेक्शन देखने को मिला था। इसके बाद इसमें एक रिकवरी बनी है, जो राउंडिंग बॉटम या डबल बॉटम जैसा पैटर्न दिखाती है। थोड़ा गहराई से देखने पर यह एक कॉम्प्लेक्स रिवर्स हेड एंड शोल्डर्स पैटर्न भी बनता हुआ नजर आता है। इस पैटर्न की नेकलाइन लगभग 945–950 के स्तर पर है। जब तक यह स्टॉक इस नेकलाइन को मजबूती से पार नहीं करता, तब तक किसी ठोस रिवर्सल की पुष्टि नहीं मानी जाएगी।
दूसरी ओर, नीचे की तरफ 825 से 830 का स्तर एक मजबूत सपोर्ट के रूप में उभर रहा है। यह इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पहले भी इस जोन पर कई बार डिमांड आई है और स्टॉक ने यहां से उछाल लिया है। वर्तमान में यह सपोर्ट धीरे-धीरे 830 के आसपास शिफ्ट होता दिखाई दे रहा है। जब तक स्टॉक इस सपोर्ट के नीचे नहीं जाता, तब तक रिवर्सल पैटर्न के बनने की संभावना बनी रहेगी। स्टॉक का व्यवहार फिलहाल “वेट एंड वॉच” वाला है। अगर यह 945–950 के ऊपर क्लोजिंग देता है, तो एक मजबूत ब्रेकआउट के संकेत मिल सकते हैं और इसके बाद 1100 रुपये के स्तर की ओर बढ़ने की संभावना बन सकती है। वहीं अगर यह 830 के नीचे फिसलता है, तो कमजोरी बढ़ सकती है। इसलिए निवेशकों को इन दोनों महत्वपूर्ण लेवल्स पर नजर रखनी चाहिए और उसी के अनुसार अपनी रणनीति तय करनी चाहिए।
(शेयर मंथन, 17 अप्रैल 2026) (आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)