केपी एनर्जी के शेयर में लगातार गिरावट के बाद निवेशकों के सामने सवाल है कि करीब 210 रुपये के स्तर पर पहुंच चुके शेयर में और खरीदारी करनी चाहिए या फिलहाल इंतजार करना बेहतर होगा।
एक साल के नजरिए से पूछे गए इस सवाल पर बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि फिलहाल आराम करने यानी जल्दबाजी में नई खरीदारी नहीं करने की सलाह दी। उनका कहना है कि कंपनी के वित्तीय आंकड़े देखने पर फिलहाल कई जगह सुधार नजर आ रहा है, इसलिए गिरावट का कारण स्पष्ट नहीं है। हालांकि शेयर का चार्ट अभी भी कमजोर बना हुआ है और जब तक गिरावट रुकने के संकेत नहीं मिलते, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
तकनीकी नजरिए से केपी एनर्जी में पहला बड़ा ब्रेकडाउन 340 रुपये के नीचे देखने को मिला था। इसके बाद शेयर ने उस गिरावट को स्थायी रूप से जारी नहीं रखा और कुछ समय बाद फिर रेंज में वापस आया। अब शेयर में 240 रुपये के नीचे दूसरा ब्रेकडाउन देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञ के मुताबिक, 340 से 240 रुपये के बीच करीब 100 रुपये का अंतर है और मौजूदा पैटर्न को देखते हुए 240 रुपये के नीचे भी एक समान प्रोजेक्शन की संभावना पर नजर रखी जा सकती है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ चार्ट आधारित संभावना है और वास्तविक बॉटम तभी माना जा सकता है जब गिरावट रुकने के संकेत मिलें।
विशेषज्ञ के मुताबिक, केपी एनर्जी में फिलहाल सबसे अहम बात यह है कि शेयर करीब 300 रुपये के स्तर से जिस तरह नीचे आया है, उसके बाद बॉटम फॉर्मेशन के बारे में तभी सोचना चाहिए जब शेयर दोबारा 300 रुपये के ऊपर मजबूती दिखाए। मौजूदा स्थिति में शेयर डाउनट्रेंड में है और इस वजह से निवेशकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। शेयर ने ऑल टाइम लो के आसपास दोबारा दबाव दिखाया है, इसलिए केवल इस आधार पर खरीदारी करना कि शेयर काफी गिर चुका है, उचित संकेत नहीं माना जा सकता।
विशेषज्ञ ने दो संभावित रिवर्सल जोन की ओर भी इशारा किया। पहला जोन 240–245 रुपये के आसपास है, जहां से ब्रेकडाउन हुआ था। अगर शेयर इस जोन के ऊपर वापस जाता है तो शॉर्ट कवरिंग के कारण तेजी देखने को मिल सकती है और यह तेजी अधिकतम करीब 300 रुपये तक जा सकती है। हालांकि 300 रुपये के आसपास शेयर की स्थिति को दोबारा रिव्यू करने की जरूरत होगी, क्योंकि इसी स्तर के आसपास आगे के ट्रेंड में बदलाव के संकेत मिल सकते हैं। फिलहाल निवेशकों के लिए मुख्य संकेत यह है कि शेयर को गिरावट के दौरान पकड़ने के बजाय ट्रेंड में सुधार का इंतजार किया जाए।
(शेयर मंथन, 21 सितंबर 2026)
(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)