सर्वकालिक उच्चतम स्तरों पर बंद हुए सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी (Nifty)

आज गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार के दोनों अहम सूचकांक नये उच्चतम स्तरों पर बंद हुए।

बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) बुधवार के बंद स्तर 58,927.33 के मुकाबले आज गुरुवार की सुबह मजबूती के साथ 59,358.18 पर खुला। आज पूरे दिन भारतीय शेयर बाजार में तेजी का रुख बना रहा। दिन बीतने के साथ बाजार की मजबूती में बढ़ोतरी होती गयी। आखिरी घंटे में सेंसेक्स ऊपर की ओर 59,957.25 तक चढ़ गया, जो इन्ट्रा-डे के लिहाज से इसका सर्वकालिक शिखर है। आज के कारोबार के अंत में सेंसेक्स 958.03 अंकों या 1.63% की बेहतरीन बढ़ोतरी के साथ 59,885.36 पर बंद हुआ। बंद भाव के लिहाज से यह सेंसेक्स का उच्चतम स्तर है। आज के कारोबार में सेंसेक्स के 24 शेयरों में तेजी, जबकि केवल पाँच शेयरों में गिरावट देखी गयी। सेंसेक्स का एक शेयर पिछले बंद भाव के मुकाबले अपरिवर्तित बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों की बात करें, तो आज बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) में 5.15%, एलऐंडटी (L&T) में 3.46% और एचडीएफसी (HDFC) में 3.11% की मजबूती दर्ज की गयी।
अपने पिछले बंद स्तर 17,546.65 के मुकाबले गुरुवार को एनएसई का निफ्टी 50 (Nifty 50) ऊपर की ओर 17,843.90 तक चढ़ गया। इन्ट्रा-डे के लिहाज से यह इसका नया सर्वकालिक शिखर है। आज के कारोबार के अंत में यह 276.30 अंकों या 1.57% की शानदार मजबूती के साथ 17,822.95 पर बंद हुआ। बंद भाव के लिहाज से यह निफ्टी का नया उच्चतम स्तर है। आज निफ्टी के 40 शेयरों में तेजी, जबकि 10 शेयरों में गिरावट दर्ज की गयी। (शेयर मंथन, 23 सितंबर 2021)