भारतीय बाजार में तेजी के आसार, सिंगापुर निफ्टी में बढ़त के साथ कारोबार

भारतीय शेयर बाजार में आज बुधवार (23 नवंबर) को हरे निशान में कारोबार के संकेत मिल रहे हैं। सिंगापुर निफ्टी में आज सुबह 8.00 बजे के आसपास 69.5 अंकों की तेजी नजर आ रही है और यह 0.38% की हल्की बढ़त के साथ 18,357.0 के स्तर पर मंडरा रहा है।

इससे पहले मंगलवार (22 नवंबर) को भारतीय शेयर बाजार तकरीबन 0.5% तक की हल्की बढ़त के साथ बंद हुए थे। एनएसई के निफ्टी में 84.25 अंकों की तेजी देखी गयी थी और यह 0.46% बढ़ कर 18,244.20 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई के सेंसेक्स में भी 274.12 अंकों की बढ़त रही और यह 0.45% की तेजी के साथ 61,418.96 के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों की बात करें तो आज सुबह से सभी प्रमुख बाजारों में बढ़त का रुख दिखाई दे रहा है। जापान के निक्केई में 170.95 अंकों की तेजी दिख रही है और यह 0.61% बढ़ गया है। हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग में आज 0.14% की बढ़त नजर आ रही है। शंघाई कंपोजिट 0.02% की मामूली सुस्ती के साथ कारोबार कर रहा है। दक्षिण कोरिया के स्टॉक एक्सचेंज कॉस्पी में 0.30% की बढ़त दिख रही है।

यूरोपीय बाजार अभी खुले नहीं हैं और यहाँ मंगलवार (22 नवंबर) को प्रमुख बाजारों में हरियाली देखने को मिली थी। मंगलवार को लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में 1.03% की तेजी दर्ज की गयी थी। पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) 0.35% की बढ़त के साथ 6,657.53 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट का डैक्स 30 (DAX30) भी 0.29% की मामूली बढ़त के साथ 42.42 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ।

अमेरिका के सभी प्रमुख बाजारों में मंगलवार (22 नवंबर) को तेजी देखने को मिली थी। डॉव जोंस 397.82 अंक या 1.18% की बढ़त के साथ 34,098.10 के स्तर पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट 149.90 अंक या 1.36% की तेजी के साथ 11,174.41 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 में कल 53.64 अंक या 1.36% बढ़त रही और यह 4003.58 के स्तर पर बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 23 नवंबर 2022)