आज भी तेजी के साथ खुल सकते हैं भारतीय बाजार, सिंगापुर निफ्टी से मिले संकेत

भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार (24 जनवरी) को तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत करने के संकेत मिल रहे हैं। सिंगापुर निफ्टी में बढ़त के साथ कारोबार होता दिखई दे रहा है। सिंगापुर निफ्टी में सुबह 8.10 बजे के आसपास 92.5 अंकों की तेजी दिखाई दे रही है और यह 0.51% की उछाल के साथ 18,239.0 के स्तर के आसपास मंडरा रहा है।

इससे पहले सोमवार (23 जनवरी) को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले थे। मगर जल्द ही हरियाली के दायरे में पहुँच गये और फिर दिन भर बाजर तेजी में कारोबार करते रहे। हालाँकि शाम तक बाजार ऊँचाई पर नहीं टिक सके और फिसलते हुए हल्की बढ़त के साथ बंद हुए। एनएसई के निफ्टी में 90.90 अंकों की बढ़त आयी और यह 0.50% की तेजी के साथ 18,118.55 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई के सेंसेक्स में 319.90 अंकों की तेजी देखी गयी और यह 0.53% की उछाल के साथ 60,941.67 के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों की बात करें तो आज प्रमुख बाजारों में तेजी का रुख दिखाई दे रहा है। जापान निक्केई में 433.57 अंकों की तेजी है और यह 1.59% की उछाल के साथ कारोबार कर रहा है। हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग समेत कई एशियाई बाजार में अवकाश होने के चलते कारोबार नहीं हुआ।

यूरोपीय बाजार अभी खुले नहीं हैं और यहाँ सोमवार (23 जनवरी) को प्रमुख बाजार में तेजी दर्ज की गयी। लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में 14.08 अंकों की बढ़त दर्ज की गयी और यह 0.18% की तेजी के साथ बंद हुआ। पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) 0.51% की उछाल के साथ 7032.02 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट के डैक्स 30 (DAX30) में 0.46% की तेजी आयी और यह 69.39 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ।

अमेरिका के लगभग सभी प्रमुख बाजार में सोमवार (23 जनवरी) को भी तेजी देखने को मिली। डॉव जोंस में जहाँ 254.07 अंक की बढ़त रही और यह 0.76% की उछाल के साथ 33,629.56 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट 233.98 अंक या 2.01% की बढ़त के साथ 11,364.41 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 में 47.20 अंक या 1.19% की उछाल रही और यह 4019.81 के स्तर पर बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 24 जनवरी 2023)