भारतीय बाजार में गिरावट के आसार, सिंगापुर निफ्टी में 70 अंक लुढ़का

भारतीय शेयर बाजार में आज सोमवार (28 नवंबर) को गिरावट के साथ कारोबार होने के संकेत मिल रहे हैं। सिंगापुर निफ्टी में आज सुबह 8.30 बजे के आसपास 70.5 अंकों की नरमी नजर आ रही है और यह 0.38% की सुस्ती के साथ 18,590.5 के स्तर पर मंडरा रहा है।

इससे पहले शुक्रवार (25 नवंबर) को भारतीय शेयर बाजार में मामूली तेजी के साथ बंद हुए थे। सुबह प्री-ओपनिंग में तेजी के साथ खुले बाजार में शाम तक उतार-चढ़ाव होता रहा और ये हल्की बढ़त के साथ बंद हुए। एनएसई के निफ्टी में 28.65 अंकों की तेजी देखी गयी और यह 0.15% बढ़ कर 18,512.75 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई के सेंसेक्स में भी 20.96 अंकों की बढ़त रही और यह 0.03% की तेजी के साथ 62,293.64 के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों की बात करें तो आज सुबह से सभी प्रमुख बाजार में गिरावट का रुख नजर आ रहा है। जापान के निक्केई में 175.24 अंकों की नरमी दिख रही है और यह 0.62% की सुस्ती के साथ कारोबार कर रहा है। हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग में आज 2.15% की बड़ी गिरावट नजर आ रही है। शंघाई कंपोजिट 1.35% की सुस्ती के साथ कारोबार कर रहा है। दक्षिण कोरिया के स्टॉक एक्सचेंज कॉस्पी में 0.91% की सुस्ती दिख रही है।

यूरोपीय बाजार अभी खुले नहीं हैं और यहाँ शुक्रवार (25 नवंबर) को प्रमुख बाजार तेजी के साथ बंद हुए थे। शुक्रवार को लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में 0.27% की बढ़त देखने को मिली थी। पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) 0.08% की तेजी के साथ 6,712.48 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट का डैक्स 30 (DAX30) भी 0.01% की मामूली बढ़त के साथ 1.81 अंक ऊपर बंद हुआ।

अमेरिका के सभी प्रमुख बाजार में शुक्रवार (24 नवंबर) को मिलाजुला रुख देखने को मिला था। डॉव जोंस 152.97 अंक या 0.45% की बढ़त के साथ 34,347.03 के स्तर पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट में 58.96 अंक या 0.52% की नरमी रही और यह 11,226.36 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 में शुक्रवार को सपाट कारोबार हुआ। इसमें 1.14 अंक या 0.03% सुस्ती रही और यह 4026.12 के स्तर पर बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 28 नवंबर 2022)