टीटीके प्रेस्टीज ने 'अल्ट्राफ्रेश' मॉड्यूलर सॉल्यूशंस के 40% हिस्से का किया अधिग्रहण

कंपनी की ओर से एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक 'अल्ट्राफ्रेश'में 51 फीसदी हिस्से का अधिग्रहण करेगी।

 इस अधिग्रहण से कंपनी को किचेन अप्लायंस के अलावा तेजी से बढ़ते हुए मॉड्यूलर किचेन सॉल्यूशंस सेगमेंट में प्रवेश करने का मौका मिलेगा। कंपनी ने 'अल्ट्राफ्रेश'में 40 फीसदी हिस्से के अधिग्रहण के लिए 20 करोड़ रुपये का निवेश किया है। कंपनी के प्रबंध निदेशक चंद्रू कार्लो ने कहा कि 10 फीसदी अतिरिक्त हिस्से के लिए 10 करोड़ रुपया और निवेश करेगी। इस अधिग्रहण के साथ ही कंपनी मॉड्यूलर किचेन सॉल्यूशंस सेगमेंट में प्रवेश कर जाएगी। यह अधिग्रहण टीटीके प्रेस्टिज के उम्मीद के मुताबिक है जिसमें किचेन सॉल्यूशन ब्रांड बनने का लक्ष्य रखा गया है। मॉड्यूलर किचेन सॉल्यूशंस सेगमेंट में प्रवेश करने का विचार इसलिए आया क्योंकि कंपनी पहले से ही इससे मिलते-जुलते कारोबार में मौजूद है। यह हमारे विजन डॉक्यूमेंट का हिस्सा है। कंपनी के विजन डॉक्यूमेंट के मुताबिक वित्त वर्ष 2025 तक कारोबार को 5,000 करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य है। इसमें से 1000 करोड़ रुपये 'अल्ट्राफ्रेश' जैसे अधिग्रहण से आएगा। 'अल्ट्राफ्रेश' मॉड्यूलर सॉल्यूशंस मौजूदा नेतृत्व में स्वतंत्र रुप से काम करती रहेगी। दोनों कंपनियों के बीच तालमेल बिठाकर कारोबार को आगे बढ़ाया जाएगा। जरुरत पड़ने पर 'अल्ट्राफ्रेश' प्रेस्टीज ब्रांड का इस्तेमाल कर सकती है। कंपनी का नया 'लोगो' अब 'Ultrafresh powered by Prestige' 'अल्ट्राफ्रेश' पावर्ड बाई प्रेस्टीज होगा। दोनों कंपनियां मिलकर कारोबार को आगे बढ़ाएंगी। दोनों कंपनियों के स्टोर में एक दूसरे के उत्पाद ग्राहकों के लिए उपलब्ध होंगे। चंद्रू कार्लो के मुताबिक मॉड्यूलर किचेन का बाजार फिलहाल 9,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का है जिसमें केवल 25 फीसदी ही ब्रांडेड सेगमेंट के तहत आते हैं। मॉड्यूलर किचेन का बाजार बहुत ही बिखरा हुआ है और इसमें ग्रोथ की अपार संभावनाएं हैं। भारतीय मॉड्यूलर किचेन का बाजार के 2021-2026 के दौरान सालाना 20 फीसदी की दर से बढ़ने की उम्मीद है और अनुमान है कि अगले 5 साल में यह 23000 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच जाएगा। कारोबार करार के तहत 'अल्ट्राफ्रेश' मॉड्यूलर सॉल्यूशंस ने अपना पहला एक्सपीरियंस सेंटर बंगलुरू में खोला है। फिलहाल 'अल्ट्राफ्रेश' के पास 120 स्टूडियो है। 'अल्ट्राफ्रेश' ने देशभर में 5000 किचेन अब तक बना चुके हैं।

(शेयर मंथन, 27 जून 2022)