आनंद राठी सिक्योरिटीज ने आज निफ्टी फ्यूचर के लिए 6050 और 6080 के स्तरों को काफी महत्वपूर्ण माना है, जबकि आइडिया और सीमेंस में खरीदारी की सलाह दी है।
लगातार आठ सत्रों से चली आ रही गिरावट के बाद बीते शुक्रवार को निफ्टी फ्यूचर में अंततः एक ठहराव देखा गया और इसने एक राहत वाली तेजी दर्ज की। शुक्रवार को सकारात्मक रुझान दिखाते हुए निफ्टी फ्यूचर 6088.95 पर बंद हुआ। आज अगर निफ्टी फ्यूचर 6080 के ऊपर टिकता है तो एक वापस-उछाल (पुलबैक) वाली तेजी की संभावना दिखती है, जो इसे 6120-6165 तक ले जा सकती है। लेकिन यदि यह 6050 के ऊपर टिकने में नाकामयाब रहता है तो फिर बिकवाली का दबाव इसे 6000 की ओर धकेल सकता है।
अगर खुले सौदों को देखें तो पुट में सबसे अधिक खुले सौदे 6000 पर और फिर 5800 पर हैं। दूसरी ओर कॉल में सबसे अधिक खुले सौदे 6300 पर और फिर 6200 पर हैं। आनंद राठी सिक्योरिटीज के मुताबिक बैंक निफ्टी के लिए आज 10600 पर सहारा दिख रहा है और यदि यह 10850 के ऊपर टिकने में कामयाब रहता है तो वापस-उछाल इसे 11000-11150 की ओर ले जा सकती है।
आइडिया खरीदें
आइडिया का शेयर पिछले कुछ हफ्तों में 188 से फिसल कर 158 तक चला गया था। लेकिन निचले स्तरों पर इसमें खरीदारी का रुझान देखने को मिल रहा है। आनंद राठी सिक्योरिटीज ने सलाह दी है कि कारोबारी इस शेयर की खरीद 183 के लक्ष्य के साथ कर सकते हैं। इसके लिए घाटा काटने का स्तर (स्टॉप लॉस) 165 पर रखें।
सीमेंस खरीदें
मुनाफावसूली की वजह से आयी गिरावट के बाद निचले स्तरों पर इसमें खरीदारी दिख रही है। इसे 582 के लक्ष्य के साथ खरीदने की सलाह दी गयी है। इसके लिए घाटा काटने का स्तर 540 पर रखा जा सकता है। (शेयर मंथन, 18 नवंबर 2013)