शेयर मंथन में खोजें

क्या मिडकैप में अब स्टॉक पिकिंग और रोटेशन से ही बनेगा रिटर्न?

मिडकैप इंडेक्स ने हाल में 200 डे मूविंग एवरेज के आसपास से अच्छी वापसी की है।

बाजार विश्लेषक शोमेश कुमार का कहना है कि मौजूदा माहौल में सिर्फ निफ्टी की दिशा देखकर निवेश की रणनीति बनाना पर्याप्त नहीं होगा। निवेशकों को स्टॉक पिकिंग के साथ-साथ पोर्टफोलियो में रोटेशन पर भी ध्यान देना पड़ सकता है। उनका कहना है कि बाजार में आगे भी वोलैटिलिटी रह सकती है, ऐसे में एक ही स्टॉक या सेक्टर पर लंबे समय तक निर्भर रहने के बजाय समय-समय पर पोजीशन में बदलाव करना जरूरी हो सकता है।

निवेशक तीन से छह महीने का टाइमफ्रेम रखकर पोजीशन बना सकते हैं और जब मुनाफा मिले तो अपनी होल्डिंग का कुछ हिस्सा निकालकर कैश बना सकते हैं। इसके बाद बाजार में दोबारा कमजोरी आने पर उस कैश का इस्तेमाल एंट्री के लिए किया जा सकता है। उनके मुताबिक इस तरह स्टॉक पिकिंग और रोटेशन दोनों पर काम करना बाजार की रेंज-बाउंड और वोलैटाइल स्थिति में रिटर्न बनाने की रणनीति हो सकती है।

मिडकैप इंडेक्स की तकनीकी स्थिति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इंडेक्स ने 200 डे मूविंग एवरेज से मजबूत वापसी की है। उनके अनुसार किसी भी कैंडल को केवल उसके तकनीकी नाम से देखने के बजाय उसमें बाजार के निवेशकों की सामूहिक भावनाओं को समझना चाहिए। 200 डे मूविंग एवरेज के आसपास से आई वापसी इस बात का संकेत देती है कि उस स्तर पर निवेशकों ने खरीदारी में दिलचस्पी दिखाई है। हालांकि, आगे की मजबूती की पुष्टि के लिए करीब 63,000 का स्तर महत्वपूर्ण रहेगा।

स्मॉलकैप इंडेक्स को लेकर भी विश्लेषक ने फिलहाल कोई बड़ी चिंता नहीं जताई। उन्होंने कहा कि स्मॉलकैप इंडेक्स 200 डे मूविंग एवरेज से काफी ऊपर है और इसकी स्थिति उन्हें अपेक्षाकृत बेहतर नजर आ रही है। हालांकि, ऊपर के कुछ महत्वपूर्ण स्तरों का टूटना जरूरी होगा। उनके मुताबिक 20,000 का स्तर पार होने के बाद स्मॉलकैप इंडेक्स की दिशा को लेकर ज्यादा स्पष्टता मिल सकती है।

इसका मतलब यह नहीं है कि 20,000 से पहले बाजार में अनिवार्य रूप से बड़ी गिरावट आएगी। करेक्शन की जगह कंसोलिडेशन भी देखने को मिल सकता है। यानी इंडेक्स कुछ समय तक एक सीमित दायरे में कारोबार कर सकता है। सितंबर के अंत के बाद कंपनियों के नतीजे आने शुरू होंगे, जिससे लार्जकैप शेयरों में बाजार की दिशा को लेकर तस्वीर बनने लगेगी। वहीं मिडकैप और स्मॉलकैप में अभी कुछ और समय है और इस दौरान इंडेक्स में कंसोलिडेशन जारी रह सकता है।


(शेयर मंथन, 25 सितंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख