साप्ताहिक निपटान या वीकली एक्सपायरी के दिन बाजार भारी गिरावट के साथ बंद

वैश्विक बाजारों से आज बेहद ही खराब संकेत रहे। ग्रोथ और महंगाई की चिंता से अमेरिकी बाजारों में कल भारी गिरावट देखने को मिली। अमेरिकी बाजारों में पिछले 2 सालों की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई।

डाओ जोन्स 1165 अंक टूटकर दिन के निचले स्तर पर बंद हुआ, वहीं एसएंडपी में करीब 4 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। नैस्डैक में भी करीब 4.7% की गिरावट देखी गई। साथ ही सुबह 6:30 बजे एसजीएक्स (SGX) निफ्टी 300 अंकों से ज्यादा की कमजोरी के साथ खुला। यहीं नहीं एशिया के दूसरे बाजारों में भी भारी बिकवाली देखी गई। इसका असर भारतीय बाजारों पर भी दिखा। बाजार की आज भारी गिरावट के साथ शुरुआत हुई।
कारोबारी सत्र के दौरान निफ्टी 50 (Nifty 50) ने 15,775 का निचला स्तर जबकि 15,984 का ऊपरी स्तर छुआ। सेंसेक्स (Sensex) ने 52,669 का निचला स्तर जबकि 53,356 का ऊपरी स्तर छुआ। निफ्टी बैंक (Nifty Bank) ने कारोबारी सत्र के दौरान 33,180 का निचला स्तर जबकि 33,634 का ऊपरी स्तर छुआ।
सेंसेक्स (Sensex) 1416 अंक या 2.61% गिर कर 52,792, निफ्टी 50 (Nifty 50) 431 अंक या 2.65% गिर कर 15,809 पर बंद हुआ। निफ्टी बैंक (Nifty Bank) 848 अंक या 2.48% गिर कर 33,315 पर बंद हुआ।
दबाव भरे बाजार में आज सबसे ज्यादा पिटाई आईटी शेयरों की हुई। विप्रो 6.25%, एचसीएल टेक 5.99%, टीसीएस 5.42% और टेक महिंद्रा 5.43% तक के नुकसान के साथ बंद हुए।
इसके अलावा मणप्पुरम फाइनेंस 9.52%, कोफोर्ज 7.23%, विजय डायग्नोस्टिक 9.75% और तानला प्लैटफॉर्म 7.64% तक के नुकसान के साथ बंद हुए। गिरावट वाले बाजार में बेहतर नतीजे और ब्रोकरेज हाउस के भरोसे के कारण आईटीसी (ITC) में 3.32% तक की तेजी देखी गई। वहीं डॉ रेड्डीज भी 0.61% चढ़ कर बंद हुआ। इसके अलावा चढ़ने वाले शेयरों में कैप्लिन प्वाइंट 7.83%, जेके लक्ष्मी सीमेंट 7.25%, वेलस्पन कॉर्प 4.09% और शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया 3.20% तक चढ़ कर बंद हुए। महंगाई के बढ़ते खतरे को देखते हुए अमेरिका में रिटेल ग्रोथ लेकर काफी चिंताएं है। इसका साफ असर टेक्सटाइल कंपनियों पर दिखा। गोकलदास एक्सपोर्ट्स 7.52%, बॉम्बे डाइंग 5.34%, सियाराम सिल्क 5.99% और अंबिका कॉटन में 5.03% तक की गिरावट देखी गई। आज के कारोबार में मेटल्स शेयरों में खासा दबाव देखने को मिला। सेल (SAIL) 5.20%, वेदांता 5.08%, जेएसडब्लू स्टील 4.89% और टाटा स्टील 4.92% तक के नुकसान के साथ बंद हुए। कल और आज के कारोबार में बीएसई (BSE) के मार्केट कैप में करीब 6.4 लाख करोड़ की कमी आई है। (शेयर मंथन, 19 मई, 2022)