निर्यात में 12.1% की कमी

देश में उत्पादन की सुस्त रफ्तार और विदेशी बाजारों में मांग में आयी कमी की वजह से पिछले करीब तीन साल में पहली बार अक्टूबर महीने में भारत द्वारा किये गये निर्यात में गिरावट दर्ज की गयी है। अक्टूबर के महीने में भारत द्वारा किये गये निर्यात में 12.1% की कमी आयी है और यह अक्टूबर 2007 के 14.58 अरब डॉलर के मुकाबले घट कर 12.82 अरब डॉलर रह गया है।

यदि अप्रैल-अक्टूबर अवधि की बात करें, तो इस साल इस अवधि में 107.8 अरब डॉलर का निर्यात किया गया, जो पिछले साल की इसी अवधि के 87.14 अरब डॉलर की तुलना में 23.7% अधिक है। वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, रुपये के मूल्य के आधार पर अक्टूबर 2008 में भारत द्वारा किया गया निर्यात पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 8.2% अधिक रहा है।

अक्टूबर 2008 में भारत द्वारा किये गये आयात में 10.6% की बढ़ोतरी हुई है और यह पिछले साल अक्टूबर के 21.12 अरब डॉलर के मुकाबले बढ़ कर 23.36 अरब डॉलर हो गया है। भारत द्वारा किये गये तेल का आयात पिछले साल अक्टूबर के 6.52 अरब डॉलर से 22% बढ़ कर अक्टूबर 2008 में 8 अरब डॉलर का हो गया। अप्रैल-अक्टूबर अवधि में तेल के आयात में 60% की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है और यह बढ़ कर 65.77 अरब डॉलर हो गया है।