क्या कृषि कमोडिटीज में शुरू हो रहा है नया सुपर साइकिल?

कृषि कमोडिटी बाजार में आने वाले समय में तेजी की नई संभावना बनती दिखाई दे रही है।

केडिया एडवाइजरी के संस्थापक निदेशक अजय केडिया कमोडिटी का सुपर साइकिल आमतौर पर कई वर्षों तक चल सकता है और मौजूदा परिस्थितियों में कृषि कमोडिटीज भी इस चक्र का हिस्सा बनती दिखाई दे रही हैं। मौसम, उत्पादन, वैश्विक मांग और भू-राजनीतिक परिस्थितियां कृषि बाजार की कीमतों को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारक रहेंगे।

इस समय किसानों के सामने बारिश और उर्वरकों की बढ़ती लागत जैसी चुनौतियां हैं। मानसून की स्थिति का असर खास तौर पर रबी फसलों पर पड़ सकता है, क्योंकि मिट्टी में नमी की उपलब्धता रबी फसल की बुवाई और उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण होती है। विशेषज्ञ के मुताबिक, गेहूं को लेकर विशेष सावधानी की जरूरत है, जबकि सरसों अपेक्षाकृत कम पानी में भी परिस्थितियों को संभाल सकती है।

आने वाले समय में दालों को कृषि कमोडिटी बाजार में एक महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जा रहा है। इसके पीछे बढ़ती प्रोटीन खपत और बदलती उपभोक्ता प्राथमिकताएं प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा ग्वार और मसालों में भी संभावनाएं देखी जा रही हैं। धनिया, जीरा और हल्दी जैसी कमोडिटीज में पहले ही कीमतों में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिली है।

कृषि कमोडिटीज में बनने वाला यह चक्र केवल एक साल की बारिश या उत्पादन पर निर्भर नहीं होगा। मौसम में बदलाव के साथ कीमतों में उतार-चढ़ाव जरूर आ सकता है, लेकिन बढ़ती खपत और कमोडिटी बाजार में निवेशकों की बढ़ती भागीदारी लंबे समय में कृषि क्षेत्र को निवेश के लिहाज से अधिक आकर्षक बना सकती है। ऐसे में आने वाले वर्षों में कृषि कमोडिटीज पर निवेशकों और कारोबारियों की नजर और मजबूत हो सकती है।


(शेयर मंथन, 06 अक्टूबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)