दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और हैदराबाद में गर्म रहेगा दिन - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता स्काईमेट (Skymet) के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तरी पंजाब के कुछ हिस्सों के साथ बिहार के तराई वाले क्षेत्रों में मध्यम बारिश की उम्मीद है।

पश्चिम बंगाल, असम और कर्नाटक में एक या दो स्थानों पर भारी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, आंतरिक तमिलनाडु, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में भी बूँदा बाँदी संभव है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी मैदानों में कुछ जगहों पर धूल भरी आँधी की संभावना है।
प्रमुख शहरों में मौसम
अगले 24 घंटों में दिल्ली में मौसम गर्म रहेगा, हालाँकि, एक दो जगहों पर आंधी की संभावना है। मुंबई और चेन्नई में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे और दिन में मौसम गर्म और उमस भरा होगा। कोलकाता में भी दिन गर्म और उमस भरा रहेगा, जबकि शाम के वक़्त वर्षा और आंधी की उम्मीद है। हैदराबाद में भी आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे और मौसम बहुत गर्म रहेगा। मेघ गर्जन की भी संभावनाएँ है। बेंगलुरू में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना के साथ आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, आंतरिक तमिलनाडु, दक्षिण कर्नाटक, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा के हिस्सों, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। झारखंड, पंजाब, पूर्वी और उत्तरी राजस्थान में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई। मध्य प्रदेश और दक्षिणपूर्वी राजस्थान में लू की स्थिति से राहत मिल गयी है। वहीं केरल, पूर्वी बिहार, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मध्यम से भारी बारिश हुई।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आस-पास एक पश्चिमी विक्षोभ देखा गया। हिमाचल प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र देखा जा सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और इससे सटे पश्चिमी मध्य प्रदेश में एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा पश्चिमी मध्य प्रदेश होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश से विदर्भ तक फैली हुई है। पूर्वी बिहार में एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र स्थित है। उत्तर आंतरिक कर्नाटक से दक्षिण तमिलनाडु तक विंड डिस्कंटीनुइटी फैली हुई है। (शेयर मंथन, 16 मई 2018)