मध्य भारत और पश्चिमी तटीय भागों में मूसलाधार बारिश की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक मध्य भारत और पश्चिमी तटीय भागों में अगले 24 घंटों के दौरान मूसलाधार बारिश जारी रहेगी।

छत्तीसगढ़, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, विदर्भ, मध्य प्रदेश, कोंकण गोवा, तटीय कर्नाटक और केरल में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि एक-दो स्थानों पर मूसलाधार वर्षा हो सकती है। गुजरात, पूर्वी राजस्थान, पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तरी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान कोंकण गोवा और दक्षिणी गुजरात में भीषण बारिश दर्ज की गयी है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ क्षेत्र, लक्षद्वीप, केरल और अंडमान व निकोबार में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश के बीच एक-दो स्थानों पर मूसलाधार वर्षा रिकॉर्ड की गयी। कर्नाटक, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, मध्य प्रदेश (पश्चिमी हिस्से को छोड़ कर) और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश जारी रही।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
मॉनसून की अक्षीय रेखा इस समय पंजाब के दक्षिण-पश्चिम से हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए बंगाल की खाड़ी के मध्य पूर्व तक बनी हुई है। छत्तीसगढ़ और इससे सटे ओडिशा पर हवाओं में एक चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा ओडिशा के दक्षिणी हिस्सों पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य सिस्टम इस समय दक्षिणी गुजरात और आस-पास के भागों पर सक्रिय है। पश्चिमी तटों पर बनने वाली ट्रफ रेखा इस समय कर्नाटक के तटीय भागों से केरल के तटों तक सक्रिय है। (शेयर मंथन, 11 जुलाई 2018)