जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में वर्षा की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा में सामान्य मॉनसून वर्षा जारी रह सकती है।

साथ ही उत्तर प्रदेश के पूर्वी और तराई क्षेत्रों, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी सामान्य मॉनसून वर्षा जारी रह सकती है। इसके अलावा झारखंड के कुछ भागों, उत्तरी छत्तीसगढ़, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, रायलसीमा के कुछ हिस्सों, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में भी इसी तरह की वर्षा गतिविधियाँ देखी जा सकती हैं। इस बीच गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में मॉनसून का प्रदर्शन कमजोर रहेगा लेकिन कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा देखी जा सकती है। इसके अलावा दक्षिणी हरियाणा, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान और गुजरात के सभी भागों में मॉनसून की बेरुखी के बीच बारिश की उम्मीद बहुत कम है।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में जोरदार मॉनसून गतिविधियाँ देखी गयी। वहीं हिमाचल प्रदेश में सक्रिय मॉनसून की स्थिति देखी गयी। उधर उत्तराखंड, उत्तर पंजाब, उत्तर हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा व उत्तरी तमिलनाडु के कुछ स्थानों पर हलकी से मध्यम बारिश हुई। साथ ही मेघालय के चेरापुंजी में 126 मिमी की मूसलाधार बारिश दर्ज की गयी। इसके अलावा जलपाईगुड़ी में 83 मिमी, पासीघाट 74 मिमी और कूच बिहार 54 मिमी बारिश हुई।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
मॉनसून की अक्षीय रेखा इस समय हिमालय के तराई इलाकों के पास से होते हुए गुजर रही है। उत्तरी अफगानिस्तान और आस-पास के पाकिस्तान पर एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। एक उत्तर-दक्षिणी ट्रफ रेखा गंगीय पश्चिम बंगाल से बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। एक अन्य ट्रफ रेखा आंतरिक ओडिशा से कोमोरिन क्षेत्र तक जा रही है। (शेयर मंथन, 13 सितंबर 2018)