ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की उम्मीद - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई हिस्सों में भारी बारिश की उम्मीद है।

बिहार, झारखंड, शेष पश्चिम बंगाल और बाकी के उत्तर-पूर्वी राज्यों में एक या दो जगह पर भारी बारिश के साथ, अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग जगह पर बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है। उत्तर पंजाब, उत्तर हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, केरल और तटीय कर्नाटक में एक या दो जगहों पर मध्यम बारिश के साथ, हल्की वर्षा की उम्मीद जतायी जा रही है। देश के बाकी हिस्सों में शुष्क मौसम अनुभव किया जायेगा।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान तटीय ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल पर भारी बारिश हुई। वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल के केन्द्रीय जिलों, ओडिशा के आंतरिक हिस्सों और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गयी। केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और उत्तरी पंजाब में अलग अलग जगहों पर हल्की बारिश देखने को मिली। इसके अलावा गुजरात और पश्चिम राजस्थान में तापमान में गिरावट देखी गयी।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
‘तितली’ नामक गंभीर चक्रवाती तूफान, अभी ओडिशा के दक्षिणी तट पर है और यह पूर्वोत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह अंततः आज शाम तक एक चक्रवात के रूप में कमजोर हो जायेगा। उत्तर अफगानिस्तान और इसके आस-पास के क्षेत्रों में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ देखा जा सकता है। इसके अलावा एक प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी राजस्थान और इसके साथ सटे पंजाब और हरियाणा में है। (शेयर मंथन, 11 अक्टूबर 2018)