केरल, तटीय और दक्षिण-आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान केरल, तटीय और दक्षिण-आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।

कुछ जगहों पर भारी बारिश से इंकार नहीं किया जा सकता। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तरी-आंतरिक कर्नाटक, दक्षिणी तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर की ऊँचे स्थानों पर बर्फबारी भी संभव है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह पर एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी तेलंगाना, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की बारिश रिकॉर्ड की गयी। देश के बाकी सभी भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और साथ लगे जम्मू-कश्मीर पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिमी राजस्थान और इसके आस-पास के इलाकों पर सक्रिय है। गुजरात और इससे सटे दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश पर हवाओं में विपरीत चक्रवाती क्षेत्र देखा जा सकता है। उत्तरी कर्नाटक पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मौजूद है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र, दक्षिणी तमिलनाडु पर सक्रिय है और मौसम को प्रभावित कर रहा है। दोनों सिस्टम्स के बीच एक ट्रफ रेखा भी बनी हुई है। पूर्वी भारत में असम पर भी चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। (शेयर मंथन, 16 अक्टूबर 2018)