केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश की उम्मीद - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण-आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।

साथ ही वहाँ कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा बेंगलुरु और चेन्नई में मध्यम बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कोंकण और गोवा तथा दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र में मध्यम बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर पर भी इसी तरह की गतिविधि देखी जा सकती है। वहीं सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी एक-दो जगह पर बारिश हो सकती है। साथ ही पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश संभव है। उधर उत्तर-पश्चिमी मैदानों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट की उम्मीद है।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तरी तमिलनाडु, कर्नाटक, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहाँ कुछ जगहों में भारी बारिश भी दर्ज की गयी। मंगलवार को चेन्नई में 69 मिमी बारिश दर्ज की गयी, मिनिकॉय में 69 मिमी, लांग आइलैंड 60 मिमी, हटबे 48 मिमी, बेंगलुरु 48 मिमी, वेल्लोर और हैदराबाद में 34 मिमी की भारी बारिश हुई। वहीं केरल, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और असम में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। साथ ही जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में एक-दो जगह पर बारिश दर्ज की गयी है। इसके अलावा गुजरात और पश्चिम राजस्थान में अधिकतम तापमान में कमी आयी है।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
जम्मू-कश्मीर पर इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इससे प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब और आस-पास के इलाकों में सक्रिय है। दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश पर एक विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र देखा जा सकता है। केरल में एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। मध्य महाराष्ट्र से एक ट्रफ रेखा इस सिस्टम तक जा रही है। इसके अलावा दक्षिणी अंडमान सागर पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र देखा जा सकता है। साथ ही पूर्वी असम पर एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। (शेयर मंथन, 18 अक्टूबर 2018)