जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना हैं।

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और विदर्भ के कुछ भागों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं केरल, दिल्ली और असम में एक दो स्थानों पर बारिश होने की उम्मीद है। अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम तो वही एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की उम्मीद है।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश पर बारिश और बर्फबारी देखी गयी। उत्तरी पंजाब के एक दो स्थानों बारिश रिकॉर्ड की गयी। ओडिशा, झारखंड, पश्चिम और मध्य राजस्थान के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। छत्तीसगढ़, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गयी। दक्षिणी मध्य प्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिणी कोंकण एवं गोवा के न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गयी।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू कश्मीर पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और उससे लगे उत्तरी राजस्थान पर बना हुआ है। एक कम दबाव वाला क्षेत्र विदर्भ और तेलंगाना पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा उत्तरी छत्तीसगढ़ से उत्तरी आंतरिक कर्नाटक की ओर बढ़ रही है। एक अन्य चक्रवती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी बांग्लादेश पर बना हुआ हैं। (शेयर मंथन, 11 दिसंबर 2018)