हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की आशंका - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों के एक-दो जगहों पर बारिश और बर्फबारी की आशंका है। अंडमान-निकोबार द्वीप के उत्तरी द्वीपों पर गरज के साथ बारिश की गतिविधियाँ संभव हैं। इस क्षेत्र के पास समुद्र की स्थिति भी खराब रहेगी।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान अंडमान-निकोबार द्वीप समूह पर काफी भारी वर्षा हुई। वास्तव में इस क्षेत्र के पास समुद्र की स्थिति भी काफी खराब थी। जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी देखी गयी। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी थोड़ी बारिश हुई। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर मध्य प्रदेश में मध्यम से घने कोहरे की स्थिति देखी गयी। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के स्तर में कुछ हद तक सुधार हुआ है। पीएम 10 खराब से मध्यम स्थिति में है, जबकि पीएम 2.5 काफी खराब स्थिति में है।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
पश्चिमी विक्षोभ पूर्व की ओर बढ़ रहा है और वर्तमान में पूर्वोत्तर जम्मू-कश्मीर पर स्थित है। एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे क्षेत्र पर है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश में है। उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बना पबुक अब डीप डिप्रेशन बन गया है। एक ट्रफ रेखा मालदीव से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक निचले स्तरों में जा रही है। (शेयर मंथन, 07 जनवरी 2019)