विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) में 2.68 अरब डॉलर की जोरदार बढ़ोतरी

04 जनवरी को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फोरेक्स 2.68 अरब डॉलर बढ़ कर 396.084 अरब डॉलर हो गया।

हाल के महीनों पर नजर डालें तो यह फोरेक्स में काफी बड़ी साप्ताहिक वृद्धि है। इससे पिछले सप्ताह में फोरेक्स 11.64 करोड़ डॉलर की बढ़त के साथ 393.404 अरब डॉलर हो गया था।
आरबीआई के आँकड़ों के मुताबिक 04 जनवरी 2019 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति, फोरेक्स भंडार का एक प्रमुख घटक, 2.215 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 370.292 अरब डॉलर की हो गयी, जिससे फोरेक्स को सहारा मिला।
गौरतलब है कि 13 अप्रैल 2018 को फोरेक्स ने 426.02 अरब डॉलर का रिकॉर्ड स्तर छुआ था।
आरबीआई (RBI) द्वारा जारी किये आँकड़ों के अनुसार देश का स्वर्ण भंडार 46.55 करोड़ डॉलर बढ़ कर 21.689 अरब डॉलर पर पहुँच गया, जबकि विशेष आहरण अधिकार या विदेशी निकासी अधिकार (एसडीआर) 1 लाख डॉलर की गिरावट के साथ 1.462.6 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ आरबीआई की आरक्षित स्थिति 1 लाख डॉलर घट कर 2.639 अरब डॉलर रह गयी। (शेयर मंथन, 12 जनवरी 2019)