राजस्थान, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में बारिश होने की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश तथा बर्फबारी का अनुमान है।

वहीं पंजाब में हल्की बारिश हो सकती है। कल सुबह उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में बारिश होने की संभावना है। मध्य प्रदेश और विदर्भ में एक-दो जगह हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और तटीय केरल में भी हल्की बारिश संभव है। देश के शेष हिस्सों में शुष्क मौसम बना रहेगा। साथ ही दिल्ली में प्रदूषण का स्तर खराब ही बना रहेगा।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत में कई जगह बारिश और बर्फबारी दर्ज की गयी। उत्तर प्रदेश, पूर्वोत्तर राज्यों, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा देखा गया। बहुत सी जगहों पर धुंध छायी रही। पश्चिमी राजस्थान और पहाड़ों पर मौसम शुष्क बना रहा। मध्य भारत के बहुत से हिस्सों में न्यूनतम तापमानों में वृद्धि हुई। हालाँकि उत्तर प्रदेश, मध्य हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, झारखंड और पश्चिम बंगाल में अधिकतम तापमानों में बढ़त देखी गयी।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
कल जम्मू-कश्मीर पर बना पश्चिमी विक्षोभ आगे पूर्व की ओर बढ़ गया है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और साथ लगे पाकिस्तान पर देखा जा सकता है, जो जल्द ही इस क्षेत्र को प्रभावित करेगा। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दिल्ली और साथ लगे पक्षिमी उत्तर प्रदेश पर देखा जा सकता है। इससे प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिमी राजस्थान पर बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बांग्लादेश पर देखा जा सकता है। इसके अलावा एक ट्रफ रेखा मध्य-पूर्वी अरब सागर से पश्चिमी मध्य प्रदेश तक जा रही है। एक विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र ओडिशा और साथ लगे छत्तीसगढ़ पर बना हुआ है। (शेयर मंथन, 12 जनवरी 2019)