विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) में 15 करोड़ डॉलर का इजाफा

15 फरवरी को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फोरेक्स 15 करोड़ डॉलर बढ़ कर 398.272 अरब डॉलर हो गया।

इससे पिछले सप्ताह में फोरेक्स 2.11 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 398.122 अरब डॉलर रह गया था।
आरबीआई के आँकड़ों के मुताबिक 15 फरवरी 2019 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति, फोरेक्स भंडार का एक प्रमुख घटक, 8.89 करोड़ डॉलर की वृद्धि के साथ 371.07 अरब डॉलर की हो गयी, जिससे फोरेक्स को सहारा मिला।
गौरतलब है कि 13 अप्रैल 2018 को फोरेक्स ने 426.02 अरब डॉलर का रिकॉर्ड स्तर छुआ था।
आरबीआई (RBI) द्वारा जारी किये आँकड़ों के अनुसार देश का स्वर्ण भंडार 7.82 करोड़ डॉलर बढ़ कर 22.764 अरब डॉलर पर पहुँच गया, जबकि विशेष आहरण अधिकार या विदेशी निकासी अधिकार (एसडीआर) 78 लाख डॉलर की गिरावट के साथ 1.455 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ आरबीआई की आरक्षित स्थिति 91 लाख डॉलर घट कर 2.982 अरब डॉलर रह गयी। (शेयर मंथन, 23 फरवरी 2019)