हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का अनुमान - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत पूर्वोत्तर राज्यों में छिटपुट बारिश होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ हिमपात के आसार हैं।
उधर गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में भी हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। उत्तर-पश्चिमी भारत में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश में दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी दर्ज की गयी है। ऐसी ही गतिविधियाँ अरुणाचल प्रदेश के भी अधिकांश इलाकों में देखने को मिली। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश हुई।
वहीं मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर के कुछ हिस्सों के साथ-साथ गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तरी तटीय ओडिशा में भी मध्यम से भारी बारिश रिकॉर्ड की गयी। तमिलनाडु में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश रिकॉर्ड की गयी है। उत्तर-पश्चिम भारत और महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गयी।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी जम्मू कश्मीर और आस-पास के भागों पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके प्रभाव से बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिमी राजस्थान के ऊपर देखा जा सकता है। इस चक्रवाती सिस्टम से एक ट्रफ रेखा उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल तक बनी हुई है। एक अन्य ट्रफ झारखंड से ओडिशा और तेलंगाना होते हुए आंध्र प्रदेश तक बनी हुई है। (शेयर मंथन, 27 फरवरी 2019)