आज भी गिरावट के साथ खुल सकते हैं भारतीय बाजार, सिंगापुर निफ्टी से मिले संकेत

भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार (24 मार्च) को सुस्ती के साथ सपाट कारोबार की शुरुआत के संकेत मिल रहे। सिंगापुर निफ्टी में सुबह 8.15 बजे के आसपास 35.5 अंकों की सुस्ती नजर आ रही है और यह 0.21% की गिरावट के साथ 17,048.0 के स्तर के आसपास मंडरा रहा है।

इससे पहले गुरुवार (23 मार्च) को भारतीय शेयर बाजार नरमी के साथ खुले थे। बाजार पूरे दिन तेजी और नरमी के बीच झूलते रहे। हालाँकि बाजार तेजी बरकरार नहीं रख सके और जल्द ही बिकवाली के दबाव में टूट कर लाल निशान में पहुँच गये और गिरावट के साथ बंद हुए। एनएसई के निफ्टी में 75 अंकों की नरमी आयी और यह 0.44% के नुकसान के साथ 17,076.90 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई के सेंसेक्स ने 289.31 अंक टूट गया और 0.50% की नरमी के साथ 57,925.28 के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों की बात करें तो यहाँ आज सभी प्रमुख बाजार में नरमी का रुख नजर आ रहा है। जापान के निक्केई में जहाँ 70.89 अंको की गिरावट के साथ 0.26% की सुस्ती दिखाई दे रही है। वहीं, हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग में आज 79.64 अंकों की नरमी है और यह 0.40% की सुस्ती के साथ कारोबार कर रहा है। दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में भी 15.62 अंकों की सुस्ती दिखाई दे रही है और यह 0.64% की नरमी के साथ कारोबार कर रहा है। शंघाई कंपोजिट में 24.17 अंकों की सुस्ती है और यह 0.74% की नरमी के साथ कारोबार कर रहा है।

यूरोपीय बाजार अभी खुले नहीं हैं और यहाँ गुरुवार (23 मार्च) को मिलाजुला रुख दर्ज किया गया था। लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में 67.24 अंकों गिरावट दर्ज की गयी और यह 0.90% गिर कर बंद हुआ। पेरिस के बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) में 0.11% की उछाल आयी और यह 7,139.25 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट के डैक्स 30 (DAX30) में 0.04% की मामूली सुस्ती दर्ज की गयी और यह 5.80 अंक की नरमी के साथ बंद हुआ।

अमेरिका के प्रमुख बाजार गुरुवार (23 मार्च) को अमेरिकी वित्त मंत्री जेनेट येलेन के भरोसा बढ़ाने वाले बयान के बाद तेजी के साथ बंद हुए। डॉव जोंस में 47.59 अंक की तेजी आयी और यह 0.15% जोड़कर 32,077.70 के स्तर पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट में सबसे ज्यादा 1.01% की उछाल आयी और यह 117.44 अंक की बढ़त के साथ 11,787.40 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 8.95 अंक या 0.23% की तेजी के साथ 3,945.92 के स्तर पर बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 24 मार्च 2023)