जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश के कुछ भागों में बर्फबारी और वर्षा की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश के कुछ भागों में बर्फबारी के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

उत्तराखंड में भी एक-दो जगहों पर बारिश की गतिविधियाँ देखी जा सकती हैं। उत्तर-पूर्वी राज्यों समेत पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, आंतरिक तमिलनाडु और तटीय ओडिशा सहित तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा के आसार हैं। देश के उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की वृद्धि होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में छिटपुट बारिश और एक-दो जगहों पर हिमपात देखा गया, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गयी। इसके अलावा तटीय ओडिशा के कुछ भागों में हल्की बारिश हुई। आंतरिक तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई। उत्तर भारत में राजधानी दिल्ली के प्रदूषण स्तर में मामूली वृद्धि दर्ज हुई है। दिल्ली की प्रदुषण स्तर में मामूली वृद्धि हवा की गति कम होने से हुई है। राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज हुई, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और झारखंड के हिस्सों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी अफगानिस्तान और उससे सटे पाकिस्तान के भागों के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। मध्य पाकिस्तान और आस-पास के क्षेत्र के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र प्रभावी है। इसके अलावा पूर्वोत्तर में असम के ऊपर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश से रायलसीमा और आंतरिक तमिलनाडु होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक बनी हुई है। (शेयर मंथन, 07 मार्च 2019)