जम्मू-कश्मीर के इलाकों में बर्फबारी के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर के इलाकों में बर्फबारी के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित अरुणाचल प्रदेश में भी एक-दो जगहों पर बारिश की गतिविधियाँ देखी जा सकती हैं। उत्तर पूर्वी राज्यों समेत पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, आंतरिक तमिलनाडु और तटीय ओडिशा सहित तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा के आसार हैं।
इसके अलावा असम, मेघालय, तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, पंजाब और हरियाणा सहित उत्तरी और पश्चिमी राजस्थान के हिस्से में कुछ जगहों पर हल्की बारिश के आसार हैं। पश्चिम-उत्तर मैदानी इलाकों में अगले 24 से 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि की संभावना है। देश के उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की वृद्धि होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिमी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गयी। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी राज्यों समेत तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में कुछ भागों में हल्की बारिश हुई। हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, विदर्भ के कुछ हिस्सों समेत मराठवाड़ा और उत्तरी कर्नाटक के हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि दर्ज हुई। अगर दिल्ली की प्रदुषण की बात करें तो, राजधानी के प्रदुषण स्तर में मामूली वृद्धि दर्ज हुई है।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
पाकिस्तान और उससे सटे भागों के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम राजस्थान और उससे सटे पंजाब और हरियाणा के क्षेत्रों में ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र प्रभावी है। इसके अलावा पूर्वोत्तर में असम के ऊपर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा उत्तर तटीय ओडिशा और आंध्र प्रदेश से लेकर दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाडु होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक बनी हुई है। (शेयर मंथन, 08 मार्च 2019)