उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में दिन के तापमान में होगी 2-3 डिग्री की वृद्धि - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी पहाड़ियों वाले भागों में बादल छाये रहने के साथ ही शुष्क और सुखद मौसम की स्थिति बने रहने की संभावना है।

उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में दिन के तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि देखी जायेगी। सुबह में धुंध रहने के बाद दिन भर धूप बने रहने की उम्मीद है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश और आस-पास के स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और पश्चिम तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने के साथ ही तमिलनाडु में बारिश की गतिविधियाँ कम हो जाने के आसार हैं। इसके अलावा केरल में एक-दो जगह हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। मध्य भारत में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बने रहने की उम्मीद है। वहीं, उत्तरी तेलंगाना में दिन के तापमान में गिरावट की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान रायलसीमा, आंतरिक तमिलनाडु और उत्तरी कर्नाटक के कुछ हिस्सों में गर्मी की लहर जैसी स्थिति देखी गयी। तटीय आंध्र प्रदेश के हिस्से में गरज के साथ वर्षा की गतिविधियाँ देखी गयी। इसके अलावा विशाखापट्टनम में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड हुई। पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, आस-पास की पहाड़ियाँ, अरुणाचल प्रदेश से सटे असम समेत तटीय तमिलनाडु और केरल के भागों में छिटपुट बारिश दर्ज की गयी। जबकि उत्तर-पश्चिमी मैदानों और पूर्वोत्तर राज्यों में धुंध के साथ हल्का कोहरा भी देखा गया। राजस्थान, हरियाणा और गुजरात के हिस्सों में रात के तापमान में 1-3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ और उत्तर बिहार के इलाकों में तापमान में वृद्धि देखी गयी।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
एक पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी जम्मू-कश्मीर की ओर बढ़ रहा है। चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अब राजस्थान के उत्तरी भागों में प्रभावी है। इसके अलावा एक ट्रफ रेखा मराठवाड़ा तक फैला हुई है। दूसरा चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अरुणाचल प्रदेश और उससे सटे असम के भागों के ऊपर बना हुआ है। कर्नाटक के भागों पर एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली से एक ट्रफ रेखा दक्षिण-पूर्व अरब सागर तक फैला हुई है। (शेयर मंथन, 09 मार्च 2019)