झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में गरज के साथ बारिश संभव - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान 19 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर के पास आ जायेगा, जिसके चलते जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में गरज के साथ बारिश की गतिविधियाँ देखने को मिल सकती हैं।

इन राज्यों के ऊँचे पहाड़ी हिस्सों में बर्फबारी होने की भी संभावना है। झारखंड, उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश की घटनायें जारी रह सकती हैं। इसके अलावा उत्तराखंड और पंजाब में भी छिटपुट बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज मौसम
बीते 24 घंटों के दौरान देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मौसम में हलचल हुई है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश दर्ज की गयी है। इसके अलावा गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी कहीं-कहीं बारिश की घटनायें देखने को मिली हैं। बिहार में भी सिर्फ छिटपुट बारिश हुई है।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी-पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जो धीरे-धीरे उत्तर भारत के राज्यों की तरफ बढ़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान के ऊपर है। इसके अलावा विदर्भ से कर्नाटक होते हुए उत्तरी केरल तक एक ट्रफ भी बना हुआ है। दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी पर एक विपरीत चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मौसम को प्रभावित कर रहा है। (शेयर मंथन, 18 मार्च 2019)