दिल्ली, राजस्थान, गुजरात और पश्चिम मध्य प्रदेश के तापमान में वृद्धि की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फ गिरने की संभावना है।

उत्तराखंड के भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों सहित उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश के तलहटी वाले भागों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्से, विदर्भ सहित दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश मे भी गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। दिल्ली-एनसीआर और केरल में भी छिटपुट बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली, राजस्थान, गुजरात और पश्चिम मध्य प्रदेश में दिन के तापमान में मामूली वृद्धि होने की उम्मीद है।
बीते 24 घंटों की मौसमी घटनाएँ
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों के साथ-साथ सिक्किम के इलाकों में भी गरज के साथ भारी बारिश हुई है। जम्मू-कश्मीर में एक दो जगहों पर बर्फबारी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश रिकॉर्ड की गयी। पंजाब के उत्तरी हिस्से में भी हल्की बारिश दर्ज हुई है। इसी के साथ हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित छत्तीसगढ़ के हिस्सों के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी दर्ज की गयी है। गुजरात में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट देखी गयी।
सम्पूर्ण भारत का मौसमी सिस्टम
जम्मू-कश्मीर के भागों के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ लगातार बना हुआ है। इसी पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब और इसके आस-पास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी सक्रिय हुआ है। एक दूसरा चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वोत्तर भारत में असम के भागों के ऊपर बना हुआ है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ से विदर्भ, उत्तरी तेलंगाना और कर्नाटक होते हुए केरल तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। (शेयर मंथन, 20 मार्च 2019)