हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में बारिश होने के आसार - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक आने वाले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में धूलभरी आंधी और बादलों की तेज गर्जना के साथ बारिश की गतिविधियाँ देखने को मिल सकती हैं।

इसके अलावा उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर, पंजाब और हरियाणा में आँधी-तूफान के साथ बारिश के आसार हैं। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश की हल्की फुहारें पड़ने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी तटीय कर्नाटक सहित केरल में एक-दो स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं।

बीते 24 घंटों की मौसमी गतिविधियाँ
बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है। वहीं मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और उत्तरी तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियाँ देखने को मिलीं। इसके अलावा जम्मू कश्मीर और ओडिशा में एक-दो स्थानों पर बारिश, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम गर्म और शुष्क रहा। मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू जैसे हालात बने रहे।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू-कश्मीर के इलाकों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहुँच गया है। इसके कारण पश्चिमी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ है। इस मौसमी सिस्टम के कारण राजस्थान से पश्चिमी मध्य प्रदेश होते हुए विदर्भ तक एक ट्रफ रेखा बन गयी है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बिहार के ऊपर बना हुआ है। साथ ही पूर्वी भारत से मध्य भारत तक एक ट्रफ रेखा भी सक्रिय हुई है। इस ट्रफ का विस्तार मध्य महाराष्ट्र, दक्षिणी कोंकण और गोवा होते हुए लक्षद्वीप तक है। इसके अलावा मेघालय और उसके आस-पास के इलाकों पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। (शेयर मंथन, 15 अप्रैल 2019)