राजधानी दिल्ली सही उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में बढ़ेगा तापमान - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक आने वाले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ कहीं-कहीं छिटपुट बारिश की संभावना है।

इसके अलावा असम और नागालैंड सहित छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी कुछ इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल और आंतरिक तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं झारखंड और ओडिशा में भी एक-दो स्थानों पर बारिश की गतिविधियाँ देखने को मिल सकती हैं। राजधानी दिल्ली सही उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और मध्य भारत के भागों के तापमान में 2 से 4 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। पूर्वी भारत के तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

बीते 24 घंटों की मौसमी गतिविधियाँ
बीते 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वोत्तर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पूर्वी बिहार, उत्तरी छत्तीसगढ़, केरल और दक्षिण भारत के अधिकांश इलाकों में गरज के साथ बारिश देखने को मिली है। जम्मू कश्मीर, असम, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा के कुछ स्थानों और तेलंगाना तथा तमिलनाडु में एक-दो स्थानों पर बारिश दर्ज की गयी। भारत के उत्तर, उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में ज्यादातर जगहों पर तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके कारण मध्य पाकिस्तान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ है। इसके अलावा पूर्वी असम पर भी एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पूर्वी झारखंड से ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, दक्षिणी-आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाडु होते हुए दक्षिणी तमिलनाडु तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है। (शेयर मंथन, 18 अप्रैल 2019)