पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बारिश होने की उम्मीद - स्काईमेट (Skymet)

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक आने वाले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बारिश होने की उम्मीद है।

वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा केरल, दक्षिणी कर्नाटक, आंतरिक तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के भागों पर छिटपुट बारिश होने की संभावना है।
वहीं उत्तरी पहाड़ी और मैदानी भागों के तापमान में बढ़ोतरी होने की आशंका है। इसके अलावा दक्षिणी राजस्थान के भागों में धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। पूर्वी भारत में मौसम बहुत गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है। इसके साथ ही मध्य भारत के कुछ इलाकों में लू का प्रकोप देखने को मिल सकता है। उत्तरी तेलंगाना में लू का प्रकोप जारी रहने के आसार हैं।

बीते 24 घंटे की मौसमी गतिविधियाँ
बीते 24 घंटों के दौरान उत्तरी, उत्तर-पश्चिमी और पूर्वोत्तर भारत में व्यापक बारिश हुई है। इसके अलावा इन इलाकों में एक-दो जगहों पर भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गयी। इसके अलावा राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, केरल और आंतरिक तमिलनाडु में भी छिटपुट बारिश देखी गयी है। वहीं आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में एक-दो स्थानों पर भी बारिश देखी गयी है। जबकि विदर्भ और इससे सटे हुए तेलंगाना में लू का प्रकोप देखने को मिला है। वहीं दिल्ली के दिन के तापमान में सामान्य से 7 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर के भागों पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके कारण उत्तरी हरियाणा के भागों के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा पूर्वोत्तर बिहार से उत्तरी ओडिशा तक ट्रफ रेखा फैली हुई है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी असम के भागों पर बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिणी कर्नाटक के भागों पर बना हुआ है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ से विदर्भ, कर्नाटक और केरल होते हुए तमिलनाडु तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है। (शेयर मंथन, 18 मई 2019)