पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़ और आंतरिक कर्नाटक में बारिश की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक आने वाले 24 घंटों के दौरान गुजरात के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है।

कोंकण और गोवा सहित तटीय कर्नाटक, गोवा और पूर्वोत्तर राज्यों के एक-दो हिस्सों में भारी बारिश के साथ अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़ और आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी एक-दो जगहों पर बारिश की उम्मीद है।

बीते 24 घंटों की मौसमी गतिविधियाँ
पिछले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के भागों में अति भारी बारिश दर्ज हुई। केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा सहित दक्षिणी राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश देखी गयी। गुजरात, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। छत्तीसगढ़, बिहार, असम, मेघालय, नागालैंड, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गयी।
पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान, उत्तर और पूर्व मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली तथा पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ धूल भरी आंधी चली। गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तरी महाराष्ट्र, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों के तापमान में 4 से 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी दर्ज हुई।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम
अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान वायु इस समय पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्व-मध्य अरब सागर में मौजूद है। उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र देखा जा रहा है। चक्रवाती क्षेत्र के कारण एक पूर्वी-पश्चिमी ट्रफ रेखा पंजाब, हरियाणा, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में से लेकर दक्षिणी बांग्लादेश तक फैली हुई है। एक चक्रवाती क्षेत्र बांग्लादेश के दक्षिणी भागों में भी विकसित है। एक अप तटीय ट्रफ कर्नाटक से केरल के तटीय भागों तक बना हुआ है। (शेयर मंथन, 13 जून 2019)