विदेशी मुद्रा भंडार में हुई 69.7 करोड़ डॉलर की गिरावट

02 अगस्त को समाप्त हुए सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फोरेक्स 69.72 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 428.952 अरब डॉलर रह गया।

26 जुलाई को खत्म हुए सप्ताह में फोरेक्स 72.71 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 429.649 अरब डॉलर रह गया था।
उससे पहले 13 अप्रैल 2018 को फोरेक्स 426.02 अरब डॉलर तक पहुँचा था, जो एक साल से अधिक समय तक रिकॉर्ड बना रहा। इसके बाद 19 जुलाई 2019 को फोरेक्स 430.376 अरब डॉलर के सर्वकालिक शिखर तक चढ़ा।
बता दें कि जानकारों के मुताबिक 428 अरब डॉलर का फोरेक्स करीब 10 महीनों तक देश का आयात संभाल सकता है। इस लिहाज से देश के मौजूदा फोरेक्स से 10 महीनों से ज्यादा समय तक देश का आयात खर्च चल सकता है।
आरबीआई के आँकड़ों के मुताबिक 02 अगस्त 2019 को समाप्त हुए हफ्ते में विदेशी मुद्रा संपत्ति, फोरेक्स भंडार का एक प्रमुख घटक, 63.3 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 398.724 अरब डॉलर रह गया, जिससे फोरेक्स पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा।
आरबीआई (RBI) द्वारा जारी किये आँकड़ों के अनुसार देश का स्वर्ण भंडार 16.64 अरब की डॉलर की गिरावट के साथ 25.163 अरब डॉलर रह गया। वहीं विशेष आहरण अधिकार या विदेशी निकासी अधिकार (एसडीआर) 95 लाख डॉलर की गिरावट के साथ 1.434 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ आरबीआई की आरक्षित स्थिति 11.17 करोड़ डॉलर बढ़ कर 3.629 अरब डॉलर की रह गयी। (शेयर मंथन, 10 अगस्त 2019)