छत्तीसगढ़, विदर्भ, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश संभव - स्काईमेट (Skymet)

स्काईमेट (Skymet) के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी छत्तीसगढ़, विदर्भ, दक्षिणी तटीय ओडिशा, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के कुछ भागों, दक्षिणी कोंकण-गोवा, उत्तरी केरल के भागों और गुजरात के सौराष्ट्र तथा कच्छ क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तरी कोंकण-गोवा, ओडिशा के बाकी भागों, झारखंड के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। देश के बाकी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है।

देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान कोंकण-गोवा क्षेत्र और दक्षिणी गुजरात में सबसे अधिक बारिश देखने को मिली। गुजरात के बाकी हिस्सों, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल, तटीय ओडिशा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और असम में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गयी। पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, आंतरिक ओडिशा, छत्तीसगढ़, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड, तमिलनाडु, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों तथा अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। देश के बाकी हिस्सों में ज़्यादातर जगहों पर मौसम शुष्क बना रहा जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम
तटीय ओडिशा के पास एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मॉनसून की रेखा राजस्थान से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। गुजरात के पूर्वी भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है। पश्चिमी तटों पर बनने वाली ट्रफ उत्तरी कोंकण-गोवा से केरल के तटीय भागों तक दिखायी दे रही है। हालाँकि पिछले 24 घंटों में यह कुछ कमजोर हुई है। असम के पूर्वी भागों पर भी एक चक्रवाती क्षेत्र हवाओं में बना हुआ है। (शेयर मंथन, 05 सितंबर 2019)