पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान और कच्छ में मौसम रहेगा शुष्क - स्काईमेट (Skymet)

स्काईमेट (Skymet) के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्वी और मध्य भागों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

असम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों, उत्तर और पूर्व मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिल सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, कच्छ और आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र में अधिकांश स्थानों पर मौसम मुख्यतः शुष्क ही बना रहेगा।

देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों तटीय कर्नाटक, रायलसीमा के कुछ हिस्सों, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और असम में मध्यम से भारी बारिश रिकॉर्ड की गयी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तरी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, कोंकण-गोवा, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई है। हरियाणा, राजस्थान के अधिकांश भागों, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में ज्यादातर जगहों पर मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा। देश के बाकी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की और एक-दो स्थानों पर मध्यम बारिश दर्ज की गयी।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम
निम्न दबाव का क्षेत्र अभी भी उत्तरी मध्य प्रदेश के भागों पर बना हुआ है। इस बीच एक चक्रवाती क्षेत्र मध्य पाकिस्तान पर विकसित हुआ है। मॉनसून की अक्षीय रेखा पाकिस्तान के मध्य भागों से राजास्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल तक बनी हुई है। एक अन्य ट्रफ गुजरात से मध्य प्रदेश पर बने निम्न दबाव तक दिखाई दे रही है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी भागों पर तमिलनाडु के तटीय भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है। साथ ही पूर्वी तटों पर आंध्र प्रदेश से तमिलनाडु तक एक ट्रफ बनी है। (शेयर मंथन, 16 सितंबर 2019)