केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र सहित मुंबई के हिस्सों में बारिश की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

स्काईमेट (Skymet) के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र सहित मुंबई के हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।

तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पूर्वी तथा उससे सटे पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इस दौरान ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और दक्षिणी गुजरात तथा पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश होने का अनुमान है। देश के पूर्वी और मध्य भागों के दिन के तापमान में गिरावट देखी जायेगी। जबकि उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों सहित पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में कोहरे का असर बढ़ेगा।

पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में हुई मौसमी हलचल
पिछले 24 घंटों के दौरान तेलंगाना, तटीय कर्नाटक और उत्तरी केरल के हिस्सों में भारी से मूसलाधार वर्षा रिकॉर्ड हुई। आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों सहित उत्तरी तेलंगाना, केरल और कर्नाटक में भी मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हुई। इस दौरान तमिलनाडु, महाराष्ट्र, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और उससे सटे मध्य प्रदेश के हिस्सों हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गयी। जबकि गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड सहित राजधानी दिल्ली में भी एक-दो स्थानों पर बारिश की गतिविधियाँ देखी गयी।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम
लक्षद्वीप समूह तथा दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के भागों पर बना निम्न दवाब का क्षेत्र अब दक्षिण-मध्य अरब सागर की ओर बढ़ रहा है। आगे यह मौसमी प्रणाली और अधिक चिन्हित होने के साथ पश्चिम-उत्तर पश्चिमी दिशा की ओर बढ़ेगी। इस सिस्टम से एक ट्रफ रेखा अरब सागर तथा उत्तरी कोंकण से होते हुए मध्य प्रदेश तक जा रही है। मध्य प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
इसके अलावा श्रीलंका तथा उससे सटे आस-पास के तटीय इलाकों पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मौजूद है। एक ट्रफ रेखा इस चक्रवाती क्षेत्र से होते हुए उत्तरी तटीय तमिलनाडु तक फैली हुई है। राजस्थान के पश्चिमी भागों पर भी निचले स्तरों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित है। उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर के हिस्सों में ऊपरी वायु प्रणाली के रोप में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है।
वहीं मध्य भारत तथा उससे सटे उत्तरी पाकिस्तान के भागों में एक विपरीत चक्रवात बनने की संभावना है। जबकि पश्चिम बंगाल के मध्य भागों तथा उससे सटे बांग्लादेश के हिस्सों में निचले स्तर पर एक विपरीत चक्रवात बना हुआ है। (शेयर मंथन, 19 अक्टूबर 2019)