भारत का फॉरेक्स (Forex) बढ़ कर 473 अरब डॉलर के पार, दुनिया के सात शीर्षस्थों में शामिल

सात फरवरी 2020 को समाप्त हफ्ते में देश के विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) या फॉरेक्स (Forex) ने नया सर्वकालिक उच्चतम स्तर छू लिया।

इस दौरान फॉरेक्स 1.701 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 473 अरब डॉलर हो गया, जो इसका नया सर्वकालिक उच्चतम स्तर है। इससे पिछले सप्ताह में फॉरेक्स 4.607 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 471.3 अरब डॉलर रहा था। सात फरवरी को समाप्त हफ्ते के आँकड़े के मुताबिक फॉरेक्स रिजर्व के मामले में भारत अब दुनिया में सातवें स्थान पर है। इस मामले में पहला स्थान चीन का है। उसके बाद जापान, स्विटजरलैंड, रूस, ताइवान और सऊदी अरब का नाम है। इस सूची में सातवें स्थान पर भारत और आठवें स्थान पर हांगकांग है।
भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) के मुताबिक फॉरेक्स की सबसे प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा संपत्ति (Foreign currency assets) 07 फरवरी 2020 को समाप्त हुए सप्ताह में 1.938 अरब डॉलर बढ़ कर 439.186 अरब डॉलर हो गयी।
सात फरवरी को समाप्त हफ्ते में विशेष आहरण अधिकार (SDRs) 0.002 अरब डॉलर की कमी के साथ 1.436 अरब डॉलर के रहे। इस दौरान देश का स्वर्ण भंडार (Gold Reserves) 0.218 अरब डॉलर घट कर 28.779 अरब डॉलर हो गया। (शेयर मंथन, 15 फरवरी 2020)