क्या पावर सेक्टर की कंपनियां लंबी अवधि में निवेशकों को दे सकती हैं बेहतर रिटर्न?

बाजार विशेषज्ञ विजय चोपड़ा के मुताबिक, मौजूदा बाजार परिस्थितियों में पावर सेक्टर निवेश के लिहाज से आकर्षक नजर आ रहा है।

उनका मानना है कि भारत में बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों, घरेलू खपत और इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग के कारण आने वाले वर्षों में बिजली की जरूरत लगातार बढ़ेगी। घरों में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से लेकर उद्योगों और इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग तक हर जगह बिजली की खपत बढ़ रही है। ऐसे में पावर जनरेशन और इससे जुड़े कारोबार की कंपनियों को लंबी अवधि में फायदा मिल सकता है। उन्होंने Power Grid और NTPC को आकर्षक विकल्प बताया। Power Grid करीब 15 के P/E और NTPC करीब 10 के P/E पर उपलब्ध है। इसके अलावा निजी क्षेत्र की कंपनी Tata Power में भी उन्हें संभावनाएं नजर आती हैं। उन्होंने पावर सेक्टर से जुड़े ट्रांसफॉर्मर कारोबार की कंपनी Transformers and Rectifiers के साथ बिजली के तार बनाने वाली कंपनियों KEI Industries और Polycab India का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक, पावर इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के साथ ट्रांसफॉर्मर और बिजली के तारों की मांग बढ़ेगी। इसलिए निवेशक केवल बिजली उत्पादन करने वाली कंपनियों के बजाय इससे जुड़े दूसरे कारोबारों पर भी नजर रख सकते हैं।


(शेयर मंथन, 05 नवंबर 2026)

(आप किसी भी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)