सेंसेक्स में 323 अंकों की गिरावट

कमजोर वैश्विक संकेतों के मद्देनजर गुरुवार को भी भारतीय शेयर बाजारों के लुढ़कने का सिलसिला जारी रहा। दिन भर के कारोबार में मात्र 224 अंकों के सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद सेंसेक्स 323 अंक या 3.68% नीचे 8,451 पर बंद हुआ। इस तरह सेंसेक्स ने 27 अक्टूबर के 8,510 के बंद स्तर को तोड़ दिया। एनएसई के निफ्टी सूचकांक में 82 अंकों या 3.11% की गिरावट रही और यह 2,553 पर बंद हुआ। सेंसेक्स ने दिन के कारोबार की शुरुआत में ही 27 अक्टूबर के बंद स्तर को तोड़ दिया और 8,400 के नीचे चला गया, लेकिन दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद कुछ हद तक वापसी करते हुए यह 8,451 पर बंद हुआ। इस तरह पिछले सात कारोबारी सत्रों में लगातार गिरावट दर्ज करते हुए सेंसेक्स 2,085 अंकों या लगभग 20% की चोट सह चुका है।

आज के कारोबार में मँझोले शेयरों के सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 3.19% की गिरावट रही, जबकि बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 3.09%  की गिरावट के साथ बंद हुआ। आज बीएसई के सभी क्षेत्रवार सूचकांकों में कमजोरी दर्ज की गयी। सबसे अधिक गिरावट रियल्टी सूचकांक में रही, जो 8.3% की गिरावट के साथ बंद हुआ। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, तेल-गैस, बैंकिंग, धातु और ऑटो क्षेत्र के सूचकांकों में 4% से अधिक की कमजोरी रही।   

यदि सेंसेक्स के शेयरों की बात करें, तो आज की गिरावट में रिलायंस कम्युनिकेशंस के शेयर 8.32% की कमजोरी के साथ बंद हुए। रिलायंस इन्फ्रा में 6.7% और जयप्रकाश एसोसिएट्स में 6.66% की गिरावट दर्ज की गयी। एचडीएफसी में 5.59%, इन्फोसिस में 3.82% और ग्रासिम इंडस्ट्रीज में 3.61% की गिरावट आयी। भारती एयरटेल के शेयरों में भी 3.18% की कमजोरी दर्ज की गयी। गिरावट के आज के माहौल में एसीसी में 1.58%, एनटीपीसी में 1.54% और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में 1.21% की बढ़त दर्ज की गयी।

बीएसई रियल्टी सूचकांक में 8.3%  की कमजोरी रही। इस क्षेत्र में सबसे ज्यादा गिरावट हाउसिंग डेवलपमेंट एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में रही, जो 11.06%  नीचे बंद हुआ। यूनिटेक लिमिटेड में 9.87%, अंसल प्रॉपर्टीज एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में 9.71% और इंडियाबुल्स रियल एस्टेट में 9.57% की कमजोरी रही। डीएलएफ में 8.56%, पेनिनसुला लैंड में 7.04% और पार्श्वनाथ डेवलपर्स में 6.65% की गिरावट दर्ज की गयी।

बीएसई कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सूचकांक में 4.95%  की कमजोरी रही। इस क्षेत्र में सबसे ज्यादा गिरावट ब्लू स्टार लिमिटेड में रही, जो 8.76%  नीचे बंद हुआ। राजेश एक्सपोर्ट्स लिमिटेड में 7.22% और गीतांजलि जेम्स में 4.61% की कमजोरी रही। बीएसई तेल-गैस सूचकांक में 4.64%  की कमजोरी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज 6.58%  नीचे बंद हुआ। केर्न इंडिया में 5.37%, अबान ऑफशोर में 4.56% और रिलायंस पेट्रोलियम में 4.31% की कमजोरी रही। गेल इंडिया में 4.05% और एचपीसीएल में 2.47% की गिरावट दर्ज की गयी। बीएसई बैंकिंग सूचकांक में 4.32%  की कमजोरी रही। इस क्षेत्र में सबसे ज्यादा गिरावट यस बैंक में रही, जो 8.34%  नीचे बंद हुआ। आईसीआईसीआई बैंक में 7.87% और एचडीएफसी बैंक में 7.30% की गिरावट रही। ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, इंडियन ओवरसीज बैंक और ऐक्सिस बैंक में 5% से अधिक गिरावट दर्ज की गयी।

बीएसई धातु सूचकांक में 4.18% की गिरावट रही। गुजरात एनआरई कोक में 8.25% और स्टरलाइट इंडस्ट्रीज में 7.96% की कमजोरी रही। जिंदल स्टील में 7.48%, सेसा गोआ में 7.47%  और जेएसडब्ल्यू में 7.21% की गिरावट रही। बीएसई ऑटो सूचकांक में 4.14%  की कमजोरी रही। इस क्षेत्र में सबसे ज्यादा गिरावट भारत फोर्ज में रही, जो 8.15%  गिर कर बंद हुआ। मारुति सुजुकी में 6.52% और टाटा मोटर्स में 6.47% की गिरावट रही। एमटेक ऑटो में 6.17%, बजाज ऑटो में 5.41%, हीरो होंडा में 5.21% और अशोक लीलैंड में 4.48% की कमजोरी दर्ज की गयी।