चौदह महीनों के उच्चतम स्तर पर थोक महँगाई दर (Wholesale Price Index)

मुख्यतः सब्जियों की महँगाई बढ़ने की वजह से थोक महँगाई दर (डब्लूपीआई) नवंबर में 7.52% रही है।
पिछले 14 महीनों में यह इसका सबसे ऊँचा स्तर है। दरअसल सितंबर 2012 के बाद से यह इसका उच्चतम स्तर है, जब यह 8.1% रही थी। अक्टूबर 2013 में यह दर 7% रही थी, जबकि नवंबर 2012 में यह 7.24% दर्ज की गयी थी।  
सब्जियों की बात करें तो नवंबर 2012 के -1.53% के मुकाबले नवंबर 2013 में इनकी महँगाई दर 95.25% रही है। पिछले महीने में यह 78.38% रही थी। इस दौरान प्याज की महँगाई दर में काफी अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। नवंबर 2012 के 16.55% के मुकाबले नवंबर 2013 में इसकी महँगाई दर 190.34% दर्ज की गयी है। अक्टूबर के 18.19% के मुकाबले नवंबर में खाद्य पदार्थों की कुल महँगाई दर 19.93% रही है। 
एलपीजी की महँगाई दर भी इस दौरान बढ़ी है और यह 10.90% रही है। पिछले साल नवंबर में यह 4.01% रही थी। इसकी वजह से इस अवधि में ईंधन व बिजली सेगमेंट की महँगाई दर में भी वृद्धि हुई है और यह 11.08% रही है। पिछले महीने यह 10.33% रही थी। (शेयर मंथन, 16 दिसंबर 2014)