मार्च में कार बिक्री (Car Sales) बढ़ी, पर दोपहिया बिक्री धीमी

मार्च 2015 के महीने में कारों की बिक्री (Car Sales) में सुधार के लक्षण दिखे हैं और घरेलू कार बिक्री में मार्च 2014 के मुकाबले 2.64% की बढ़त दर्ज हुई है।

गाड़ियों की बिक्री (Auto Sales) के बारे में सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के आँकड़ों के मुताबिक मार्च में घरेलू बाजार में 171,491 कारों की बिक्री हुई। वहीं पूरे कारोबारी साल 2014-15 में 18.76 लाख यात्री कारों (Passenger Cars) की घरेलू बिक्री हुई, जो पिछले कारोबारी साल में बिकी 17.87 लाख यात्री कारों से 4.99% ज्यादा है। तीन सालों में पहली बार यात्री कारों की बिक्री में सकारात्मक रुझान नजर आया है। सिआम के मुताबिक कुल यात्री वाहनों (कार, यूटिलिटी वाहन और वैन समेत) की बिक्री 2013-14 के 25.04 लाख से 3.90% बढ़ कर 2014-15 में 26.01 लाख रही। वहीं कुल सालाना दोपहिया बिक्री (Two Wheeler Sales) इस दौरान 1.48 करोड़ से बढ़ कर 1.60 करोड़ हो गयी। इसमें 8.09% वृद्धि दर्ज हुई। हालाँकि अर्थव्यवस्था की चाल का संकेत देने वाले व्यावसायिक वाहनों (Commercial Vehicles) की बिक्री में सुधार नहीं दिखा। कुल व्यावसायिक वाहनों की सालाना बिक्री 2013-14 के 6.33 लाख से 2.83% घट कर 2014-15 में 6.15 लाख रह गयी। 

मार्च 2015 में जहाँ कारों की बिक्री में सुधार दिखा, वहीं कुल दोपहिया बिक्री 0.84% घट कर 13.23 लाख की रह गयी। हालाँकि महीने के दौरान स्कूटर की बिक्री में 11.14% की बढ़त दर्ज हुई, मगर मोटरसाइकिल बिक्री में 5.22% की गिरावट आयी। वहीं व्यावसायिक वाहनों की मासिक बिक्री साल-दर-साल 2.14% बढ़ कर मार्च 2015 में 65,470 इकाइयों की रही। 

नये कारोबारी साल यानी 2015-16 के लिए सिआम ने बिक्री में हल्की बढ़त जारी रहने की उम्मीद जतायी है। सिआम का मानना है कि अर्थव्यवस्था में आने वाले सुधार के अनुरूप ही वाहनों की बिक्री में सुधार होगा। हालाँकि ग्रामीण बिक्री को लेकर सिआम की चिंता कायम है और उसकी उम्मीदें आने वाला मानसून अच्छा रहने को लेकर टिकी हैं। (शेयर मंथन, 10 अप्रैल 2015)