केरल, पश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और लक्षद्वीप में मध्यम से भारी बारिश की संभावना - स्काईमेट (Skymet)

मौसम भविष्यवक्ता स्काईमेट (Skymet) के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान केरल, पश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और लक्षद्वीप के कई स्थानों में मध्यम से भारी बारिश होगी।

महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओड़ीशा, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, पूर्वोत्तर राज्यों और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई स्थानों पर भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। गुजरात, दक्षिण मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर भी हल्की बारिश हो सकती है। राजस्थान के कई हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहेगा।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ उत्तराखंड में भारी बारिश दर्ज हुई। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर धूल के तूफान के साथ हल्की वर्षा भी हुई। झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्यों, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, केरल और उत्तरी तमिलनाडु के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी वर्षा भी हुई। मध्यप्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ स्थानों पर भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजस्थान के कई हिस्सों में लू का प्रकोप जारी है।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी जम्मू और कश्मीर के पास बना हुआ है। इस सिस्टम के प्रभाव से बना चक्रवाती सिस्टम उत्तर-पश्चिम राजस्थान और इससे सटे राज्य पर बना हुआ है। एक चक्रवाती सिस्टम उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा इस सिस्टम से दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र तक बनी हुई है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र झारखंड पर बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिमी असम पर है। एक ट्रफ रेखा उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश से असम तक बनी हुई है। उत्तरी तमिलनाडू पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र देखा जा सकता है। दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में कर्नाटक के पास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र तैयार है। (शेयर मंथन, 02 जून 2018)