केरल, तेलंगाना, कर्नाटक, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश के आसार - स्काईमेट (Skymet)

स्काईमेट (Skymet) के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु के हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

केरल, तेलंगाना, रायलसीमा, तटीय कर्नाटक, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप समूह, मध्य महाराष्ट्र तथा ओडिशा में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश देखी जा सकती है।
इसी दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, बाकी बचे पूर्वोत्तर भारत, कोंकण-गोवा सहित विदर्भ के हिस्सों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। जबकि उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों और उससे सटे मध्य भारत के हिस्सों में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट देखी जा सकती है। अगर दिल्ली के प्रदूषण की बात करें तो राजधानी में प्रदूषण का स्तर खराब से बेहद खराब श्रेणी में जा सकता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में हुई मौसमी हलचल
पिछले 24 घंटों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के भागों पर अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज हुई। ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, अंडमान-निकोबार तथा लक्षद्वीप समूह के हिस्सों में भी अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। जबकि गोवा, गुजरात और दक्षिणी मध्य प्रदेश के हिस्सों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई।

देश भर में बने मौसमी सिस्टम
मॉनसून की वापसी रेखा इस समय किशनगंज, बांकुरा, जमशेदपुर, चम्पा, सियोनि, खरगोन, भरूच और दीव से होकर गुजर रही है। राजस्थान के पश्चिमी भागों पर एक विपरीत चक्रवात बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित है। असम के दक्षिणी भागों पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के भागों पर बना हुआ है। (शेयर मंथन, 14 अक्टूबर 2019)