मुकेश अंबानी ने स्टील किंग मित्तल को पछाड़ा

सबसे अमीर भारतीयों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी ने स्टील किंग लक्ष्मी निवास मित्तल को पछाड़ दिया है। अब मुकेश अंबानी दुनिया के सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं। इस बारे में अमेरिका स्थित कारोबारी पत्रिका फो‌र्ब्स ने 40 सबसे अमीर भारतीयों की एक सूची जारी की है।

फो‌र्ब्स पत्रिका ने सूची जारी करते हुए बताया कि डालर के मुकाबले रुपये में हो रही गिरावट के मद्देनजर कमजोर शेयर बाजार के कारण भारत के 40 सबसे अमीर लोगों की संपत्ति में करीब 60% की गिरावट आई। फो‌र्ब्स इंडिया रिच लिस्ट के मुताबिक उनकी संपत्ति अब 139 अरब डालर की है जो सिर्फ एक साल पहले 351 अरब डालर थी। वहीं, फो‌र्ब्स एशिया ने एक बयान में कहा कि भारतीय उद्योपतियों के लिए यह कठिनाइयों भरा समय है। भारतीय शेयर बाजार में पिछले दिनों में 48% की गिरावट आई। डालर के मुकाबले रुपये में 24% की गिरावट दर्ज हुई। इस साल फो‌र्ब्स की सूची में जगह बनाने के लिए 76 करोड़ डालर है जो पिछले साल के मुकाबले 84 करोड़ डालर कम है।

फोर्ब्स द्वारा जारी सूची में अव्वल आने वाले मुकेश अंबानी की संपत्ति 20.8 अरब डॉलर है। दूसरे नंबर पर रहे लक्ष्मी निवास मित्तल की संपत्ति 20.5 अरब डॉलर है। तीसरे नंबर पर मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल अंबानी हैं। इनकी संपत्ति 12.5 अरब डॉलर है।

भारती एयरटेल के सुनील मित्तल 7.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे नंबर हैं। जबकि प्रॉपर्टी में मंदी के दौर और शेयर प्राइस में गिरावट के बावजूद डीएलएफ के चेयरमैन के पी सिंह 7.8 अरब डॉलर के साथ पांचवें नंबर पर हैं।

रुईया बंधु 7.6 अरब डालर के साथ छठे स्थान पर हैं। इनके बाद विप्रो के अध्यक्ष अजीम प्रेमजी का स्थान है। उनके पास 7 अरब डालर की संपत्ति है। मालविंदर और शिविंदर सिंह की कुल संपत्ति में 55 करोड़ डालर का इजाफा हुआ जिससे उन्होंने सूची में 13वां स्थान प्राप्त हुआ। रैनबैक्सी लेबोरेटरीज में अपनी हिस्सेदारी दाईची सांक्यो को बेचने के बाद उनकी संयुक्त संपत्ति 2.8 अरब डालर हो गई।

भारत में जिन अमीरों को पिछले साल की आर्थिक हलचल का सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है उनमें यूनिटेक के रमेश चंद्रा हैं। इनकी कुल संपत्ति 91% घटी है। इस साल जिन नए लोगों को इस लिस्ट में जगह मिली है, उनमें रिटेलर मिकी जगतियानी, दिवी लैब के मुरली दिवी और आकृति सिटी के हेमंत शाह शामिल हैं।