डॉव जोंस (Dow Jones) 107 अंक लुढ़का

सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार में गिरावट का रुख रहा। चीन द्वारा प्रोत्साहन (स्टिमुलस) पैकेज जारी नहीं रखने के संकेतों से बाजार में गिरावट बढ़ी।

अगस्त महीने में घरों की बिक्री आँकड़ों में गिरावट से भी बाजार पर दबाव बढ़ा। एसऐंडपी 500 सूचकांक 2,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल गया। कारोबार के अंत में डॉव जोंस 107 अंक यानी 0.62% की गिरावट के साथ 17,173 पर रहा। नैस्डैक 52 अंक यानी 1.14% गिर कर 4,528 पर और एसऐंडपी 500 सूचकांक 16 अंक यानी 0.80% की कमजोरी के साथ 1,994 पर बंद हुआ। 

कच्चे तेल (Crude Oil) के भाव में गिरावट रही। नाइमेक्स (Nymex) में कच्चे तेल का अक्टूबर वायदा भाव 0.02 डॉलर की कमजोरी के साथ 91.50 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। वहीं सोना में भी गिरावट रही। कॉमेक्स (Comex) में सोने (Gold) का अक्टूबर फ्यूचर 0.80 डॉलर की गिरावट के साथ 1,220.10 डॉलर प्रति औंस पर रहा। (शेयर मंथन, 23 सितंबर 2014)