धनिया में बढ़त, हल्दी की कीमतों में गिरावट की संभावना - एसएमसी

बिकवाली के कारण हल्दी वायदा (अप्रैल) की कीमतें कल 0.6% की गिरावट के साथ बंद हुई और कीमतों के 10,050 रुपये के स्तर पर बाधा के साथ 9,650 रुपये तक गिरावट दर्ज करने की संभावना है।

सुस्त माँग और नयी फसल की आवक के कारण कीमतों पर दबाव पड़ रहा है। तेलंगाना में बेंचमार्क निजामाबाद बाजार में, सोमवार को 13,000-15,000 बैग की आवक आंकी गयी थी। वर्तमान समय में देश में कम उत्पादन की उम्मीद पर कीमतें वर्ष-दर-वर्ष 32.3% अधिक हैं। वित्त वर्ष 2021-22 के पहले 9 महीनों (अप्रैल-दिसम्बर) में, पिछले साल के मुकाबले 20.7% घटकर 1,16,400 टन निर्यात हुआ है, लेकिन 5 साल के औसत की तुलना में 8.8% अधिक है।
नयी खरीदारी के कारण जीरा वायदा (मार्च) की कीमतों में कल 2.2% की बढ़ोतरी हुई है और कीमतें 3 वर्षो के उच्चतम स्तर पर पहुँच गयी हैं। यदि कीमतें 21,440 रुपये के स्तर को पार करती है तो 21,750 रुपये तक बढ़त दर्ज कर सकती है। स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक, गुजरात के प्रमुख बाजारों में कीमतों में तेजी के कारण आवक में सुधार हुआ है। ऊँझा में आवक औसतन 10,000-12,000 बैग हुई है। बुआई क्षेत्र में गिरावट और घरेलू माँग में सुधार की खबरों के कारण वर्तमान में कीमतें वर्ष-दर-वर्ष 54.8% अधिक हैं। 2021-22 में, गुजरात में जीरा का रकबा केवल 3.07 लाख हेक्टेयर है, जबकि पिछले साल समान अवधि में 4.69 लाख हेक्टेयर था और दूसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार उत्पादन पिछले वर्ष के 4 लाख टन की तुलना में 41% घटकर 2.37 लाख टन होने की उम्मीद है। राजस्थान में भी रकबे में लगभग 30% की गिरावट आयी है। सरकारी आँकड़ों के अनुसार अप्रैल-दिसम्बर में जीरा का निर्यात वर्ष-दर-वर्ष 24% घटकर 1.74 लाख टन रह गया है, जो पिछले वर्ष 2.30 लाख टन हुआ था।
नयी खरीदारी के कारण धनिया वायदा (अप्रैल) की कीमतें 2.4% की बढ़त के साथ बंद हुई और कीमतें अक्टूबर 2015 के बाद उच्चतम स्तर पर पहुँच गयी हैं। कम उत्पादन के अनुमान से रुझान सकारात्मक नजर आ रहा है। कीमतों के 10,940-11,420 रुपये के दायरे में कारोबार करने की संभावना है। वर्तमान में सामान्य की तुलना में कम रकबे और उत्तर भारत में शीत लहर के कारण उत्पादन में कमी की आशंका से वर्तमान में कीमतें वर्ष-दर-वर्ष 69.5% अधिक हैं और जनवरी 2022 के बाद से 23.4% अधिक हैं। सरकारी आँकड़ों के अनुसार अप्रैल-दिसम्बर की अवधि के दौरान निर्यात पिछले साल के 43,100 टन से 13% घटकर 37,500 टन हुआ है, लेकिन 5 साल के औसत की तुलना में 11% अधिक है। (शेयर मंथन, 15 फरवरी 2022)